Indian Railways News => Topic started by greatindian on Aug 16, 2013 - 20:57:40 PM


Title - भारत-पाक के बीच विश्वास की ट्रेन खाली
Posted by : greatindian on Aug 16, 2013 - 20:57:40 PM

पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी हमले में पांच भारतीय जवानों के शहीद होने की घटना के बाद दोनों देशों के रिश्ते में आई कड़वाहट का असर समझौता एक्सप्रेस (14001/14002) पर भी पड़ा है। ट्रेन चल तो रही है, लेकिन इसमें यात्रियों की संख्या कम है। हालत इतनी खराब है कि 11 कोच वाली इस ट्रेन में एक कोच भी पूरी तरह से नहीं भर पा रहा है। अग्रिम बुकिंग कराने वालों की संख्या में भी भारी गिरावट आई है।
भारत व पाकिस्तान के लोग एक दूसरे देशों में आसानी से आवागमन कर सकें, इसके लिए सीमा पर स्थित अटारी से पुरानी दिल्ली के बीच समझौता एक्सप्रेस (14001/14002) चलाई जाती है, जिससे लोग यात्रा कर भारत व पाकिस्तान में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से मिलने पहुंचते हैं।
दिल्ली में इलाज कराने के लिए आने वाले पाकिस्तानी मरीजों के साथ ही व्यापारियों के लिए भी यह ट्रेन सुविधाजनक है। लेकिन इस वर्ष ईद के ठीक पहले पाकिस्तान की नापाक हरकत की वजह से दोनों देशों के बीच तल्खी बढ़ने से समझौता एक्सप्रेस में यात्रियों का टोटा पड़ गया है।
जुलाई की तुलना में अगस्त में यात्रियों की संख्या में काफी कमी आई है। जुलाई में जहां दिल्ली से पाकिस्तान के लिए 716 यात्री रवाना हुए थे। वहीं वहां से लगभग सवा आठ सौ यात्री दिल्ली पहुंचे थे। जबकि इस माह अभी तक दिल्ली से लगभग दो सौ यात्री पाकिस्तान गए हैं और उधर से 336 यात्री यहां पहुंचे हैं।
समझौता एक्सप्रेस में अग्रिम आरक्षण की भी स्थिति अच्छी नहीं है। दिल्ली से अटारी जाने के लिए 18, 21, 25 व 28 अगस्त के लिए मात्र आठ-आठ सीट आरक्षित हुए हैं। इसी तरह से अटारी से आने वाली ट्रेन में 15, 19, 22 व 26 अगस्त को आठ-आठ यात्रियों ने सीट आरक्षित कराई है।
785 यात्रियों की क्षमता
समझौता एक्सप्रेस में कुल 11 कोच हैं, जिसमें से दस स्लीपर क्लास के हैं। जबकि एक थर्ड एसी का कोच है। स्लीपर क्लास में 720 तथा थर्ड एसी में 65 यात्री यात्रा कर सकते हैं। दिल्ली से यह ट्रेन प्रत्येक रविवार व बुधवार को रात 11.05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह सवा सात बजे अटारी पहुंचती है। जबकि अटारी से यह प्रत्येक सोमवार व बृहस्पतिवार को रात सवा दस बजे चलकर दूसरे दिन सुबह 3.20 बजे दिल्ली स्टेशन पहुंचती है।
अगस्त में अटारी से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या
दो अगस्त- 94
छह अगस्त- 130
नौ अगस्त- 25
13 अगस्त- 87
अगस्त में दिल्ली से अटारी जाने वाले यात्रियों की संख्या
चार अगस्त- 70
सात अगस्त- 25
11 अगस्त- 61
जुलाई में अटारी से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या
दो जुलाई- 132
पांच जुलाई- 133
नौ जुलाई- 164
16 जुलाई- 61
19 जुलाई- 52
23 जुलाई- 68
26 जुलाई- 59
30 जुलाई- 100
जुलाई में दिल्ली से अटारी जाने वाले यात्रियों की संख्या
तीन जुलाई- 154
सात जुलाई- 108
दस जुलाई- 75
14 जुलाई- 72
17 जुलाई- 111
21 जुलाई- 35
24 जुलाई- 54
28 जुलाई- 62
31 जुलाई- 39