Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Sep 01, 2013 - 11:56:25 AM


Title - ब्रह्मपुत्र में ‘टल्ली’ युवकों का उत्पात, गिरफ्तार
Posted by : AllIsWell on Sep 01, 2013 - 11:56:25 AM

ब्रह्मपुत्र में ‘टल्ली’ युवकों का उत्पात, गिरफ्तार

KANPUR कानपुर। तिनसुखिया से दिल्ली जा रही ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच में लेग पीस नहीं देने पर ‘टल्ली’ युवकों ने जमकर हंगामा किया। कोच कंडक्टर की रिपोर्ट पर दोनों युवकों को कानपुर सेंट्रल पर उतारकर गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में दोनों को रेलवे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। गिरफ्तार युवकों में से एक ने अपने को न्यूज चैनल का फोटोग्राफर बताया है।
ब्रह्मपुत्र मेल में कक्कड़नगर, पटना निवासी कुमार गौतम और मुकेश दिल्ली जाने को ट्रेन के एसी थर्ड के बी-2 कोच में सवार हुए। शुक्रवार देर रात इलाहाबाद से ट्रेन के चलते ही कुमार गौतम ने वेंडर से लेग पीस मांगा तो वेंडरों ने यह कहकर मना कर दिया कि एडवांस बुकिंग कराने वाले यात्रियों को ही नानवेज परोसा जाता है। इस पर नशे में धुत युवक वेंडर से भिड़ गए। यात्रियों के बवाल की शिकायत करने पर कोच कंडक्टर ने कंट्रोल के जरिए रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दी। मेमो मिलते ही आरपीएफ के एएसआई सभाशंकर द्विवेदी और देवेंद्र पांडे प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचे और दोनों को हिरासत में ले लिया। आरपीएफ टीम ने शनिवार को दोनों को रेलवे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। वहां जुर्माना देने पर रिहा कर दिया गया।
•कोच में मुर्गे की टांग नहीं देने पर हंगामा