Indian Railways News => Topic started by greatindian on Jul 15, 2012 - 09:01:28 AM


Title - बेपटरी हुई मालगाड़ी
Posted by : greatindian on Jul 15, 2012 - 09:01:28 AM

बेपटरी हुई मालगाड़ी

 
नगर संवाददाता, भागलपुर : भागलपुर स्टेशन के कोचिंग यार्ड में शनिवार शाम करीब छह बजे मालगाड़ी की एक बोगी पटरी से उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। करीब ढाई घंटे बाद बोगी को पटरी पर लाई गई। इस घटना में संबंधित रेल अधिकारी व कर्मी पर गाज गिरने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार स्टेशन से मालगाड़ी को कोचिंग यार्ड ले जाया जा रहा था। ट्रैक का घुमाव प्वाइंट सही नहीं होने के कारण काफी तेज गड़गड़ाहट के साथ इसकी एक बोगी पटरी से उतर गई। गड़गड़ाहट की आवाज सुन वहां काम कर रहे रेलकर्मी कुछ देर के लिए सहम गए। महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इस घटना की सूचना के बावजूद मुख्य यार्ड मास्टर सहित लगभग सभी अधिकारी करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे। डेढ़ घंटे बाद रात साढ़े सात बजे से बेपटरी हुई बोगी को पटरी पर लाने की दिशा में कार्रवाई शुरू हुई। करीब एक घंटे मशक्कत के बाद रात 8:30 बजे बोगी को पटरी पर लाई गई। सूत्रों के अनुसार मैन लाइन में दुर्घटना होने तथा कार्रवाई में आधा घंटे और विलंब होने से ट्रेनों का परिचालन बाधित हो सकता था। इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक से कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। पूरा रिंग होकर मोबाइल कटती रही। गौरतलब है कि गत 30 जून को भी मालदा डीआरएम आरके गुप्ता की मौजूदगी में 13404 डाउन वनांचल एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर व मालगाड़ी कोचिंग यार्ड में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। लापरवाही के आरोप में सैंट मास्टर व सैंटमेन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।