Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Oct 07, 2012 - 21:01:05 PM


Title - बीएसपी की महारैली के लिए रेलवे ने कसी कमर
Posted by : ConfirmTicket on Oct 07, 2012 - 21:01:05 PM

यूपी के विभिन्न जिलों से रेलवे चलाएगा 11 स्पेशल ट्रेनें

लखनऊ : लखनऊ में 9 अक्टूबर को होने वाली बीएसपी की महारैली में पार्टी कार्यकर्ताओं को लाने के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से रेलवे 11 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। ट्रेनों के संचालन पर बीएसपी महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी और उत्तरी रेलवे के डीआरएम के बीच हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बीएसपी की रैली के लिए उत्तरी रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम के बीच भी स्पेशल ट्रेनों को सुचारू रूप से चलाने पर विचार-विमर्श हुआ। एनईआर के डीआरएम विनोद कुमार यादव ने बताया कि यात्रियों को कोई तकलीफ न हो, इसके लिए स्टेशन पर अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम अश्विनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंडल रेलवे के चारबाग रेलवे स्टेशन से मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर, आगरा और गढ़मुक्तेश्वर के लिए ट्रेनें चलाई जायेंगी। जबकि पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन से मऊ, देवरिया, मथुरा और बिलासपुर से आने वाली ट्रेनें चलेंगी। ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए स्टेशन पर कंट्रोल रूम खोला जाएगा। सभी स्पेशल ट्रेनें 1 नंबर प्लैटफॉर्म से ही चलेंगी। बैठक में फैसला किया गया कि रैली खत्म होने के बाद बीएसपी वर्करों को सीधे स्टेशन नहीं आने दिया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर भीड़ न बढ़े और भगदड़ जैसी स्थिति न पैदा हो। इसकी पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। स्पेशल ट्रेन के हिसाब से कार्यकर्ताओं को टुकड़ों में लाया जाएगा। वहीं रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत जीआरपी और आरपीएफ के जवान तो तैनात रहेंगे ही। इसके साथ सिविल पुलिस और पीएसी भी तैनात रहेगी।