Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Sep 19, 2013 - 11:56:03 AM


Title - बिल्लोचपुरा स्टेशन बनेगा ट्रांसपोर्ट हब
Posted by : RailXpert on Sep 19, 2013 - 11:56:03 AM

अभी सूने-सूने और बदहाल नजर आने वाले बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन की रंगत जल्द ही बदलने जा रही है। इसे ट्रांसपोर्ट हब बनाया जाएगा, जिसके बाद पैलेस ऑन व्हील्स सहित अन्य प्रमुख ट्रेन यहां रुकेंगी। इसके साथ ही आगरा फोर्ट स्टेशन के कायाकल्प की भी योजना है।
उत्तर मध्य रेलवे की छठवीं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक बुधवार को होटल क्लार्क शीराज में हुई। पत्रकारों से बातचीत में जोन के महाप्रबंधक आलोक जौहरी ने बताया कि आगरा कैंट और इलाहाबाद को डी कंजक्ट किया जा रहा है, जिससे ट्रेन की वापसी के लिए इंजन बदलने की मशक्कत न करनी पड़े। इसमें समय और पैसे की बर्बादी होती है। इसके लिए आगरा फोर्ट, राजा की मंडी व इलाहाबाद में छिवकी, सूबेदारगंज स्टेशनों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जोन के छह प्रमुख स्टेशनों आगरा कैंट, मथुरा, झांसी, इलाहाबाद जंक्शन, ग्वालियर और कानपुर सेंट्रल का मास्टर प्लान यात्रियों की सुविधाओं के नजरिए से तैयार किया जा रहा है। मथुरा, छिवकी और जियोनाथपुर में रेल फ्लाईओवर के सर्वे का कार्य किया जा रहा है। वहीं, इस वित्तीय वर्ष में जोन में 75 आरओबी बनाए जाने का प्रस्ताव है। अब तक आठ बन चुके हैं और 54 पर निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि दलालों पर अंकुश लगाने के लिए आरक्षण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। चूहों से होने वाले नुकसान को बचाने के लिए इंटीग्रेटेड सिस्टम के तहत ठेका उठाया गया है।
मिल सकता है राजधानी का ठहराव
बेंगलूर राजधानी का कैंट स्टेशन पर ठहराव हो सकता है। इसका प्रस्ताव जोन द्वारा रेलवे बोर्ड के पास भेज दिया गया है। वहीं, यात्रियों की मांग पर इलाहाबाद-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस अब शनिवार के बदले रविवार को चलेगी।
ग्वालियर व कानपुर के प्लेटफॉर्म पर स्वचलित सीढि़यां
आगरा कैंट के बाद ग्वालियर व कानपुर के प्लेटफॉर्म पर स्वचलित सीढि़यों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके आदेश जारी हो गए हैं। इससे पहले महाप्रबंधक ने कैंट स्टेशन पर स्वचलित सीढि़यों का उद्घाटन किया। फिर उन्होंने ईदगाह स्टेशन का निरीक्षण किया। अफसरों ने पौधरोपण भी किया।
ये हैं सुझाव
सांसद रामशंकर कठेरिया :
- आगरा-लखनऊ इंटरसिटी का भरथना व यमुना ब्रिज स्टेशनों पर ठहराव।
- अर्जुननगर की तरफ टिकट घर और प्रकाशनगर में समपार फाटक का निर्माण।
सांसद सारिका सिंह बघेल
- हाथरस में काला फाटक पर आरओबी का निर्माण।
- ईदगाह, रुई की मंडी में आरओबी का निर्माण।
- आगरा-जयपुर रूट का विद्युतीकरण।
- आगरा-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन।
गुरु का ताल पर अंडरपाथ की मांग
कुशवाहा, शाक्य, मौर्य, सैनी महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक से मुलाकात की और गुरु का ताल आरओबी पर अंडरपाथ के निर्माण की मांग की। प्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि हर दिन सैकड़ों की तादाद में लोग रेल लाइन क्रॉस करते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका है। प्रतिनिधिमंडल में राजपाल सिंह, अमर सिंह, फूल सिंह, नरेंद्र सिंह, योगेंद्र कुमार शामिल रहे।