Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jun 28, 2013 - 20:00:35 PM


Title - बिलासपुर जोन के 22 शहरों में खुलेंगे रिजर्वेशन काउंटर
Posted by : RailXpert on Jun 28, 2013 - 20:00:35 PM

बिलासपुर जोन के 22 शहरों में खुलेंगे रिजर्वेशन काउंटर
बिलासपुर. आने वाले दिनों में चुनिंदा शहरों के रेल यात्रियों को शहर के भीतर ही रिजर्वेशन की सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन ने जोन के 22 शहरों में पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) लगाने का निर्णय लिया है। ये सभी काउंटर रेलवे स्टेशन से अलग शहर के भीतर और पोस्ट आफिस में खुलेंगे। रेल मंत्रालय ने 8 पीआरएस को मंजूरी दे दी है, जो इसी सत्र में शुरू कर दिए जाएंगे। 14 शहरों के प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

रेल प्रशासन का उद्देश्य रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर भीड़ कम करना है। इसके लिए उन शहरों में रिजर्वेशन काउंटर खोलने का प्रस्ताव है, जो रेल लाइन से दूर हैं। इसी तरह रेलवे स्टेशन वाले शहरों में पोस्ट ऑफिस या फिर व्यस्ततम इलाके में रिजर्वेशन काउंटर खोले जाएंगे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने जोन के 22 ाहरों का चयन किया और इसका प्रस्ताव रेल मंत्रालय को भेजा।

रेल मंत्रालय ने 8 शहरों में काउंटर खोलने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
इन शहरों में रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा वर्ष 2013 में ही मिलने लगेगी। इसके लिए रेलवे ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। 14 अन्य शहरों के प्रस्ताव को मंत्रालय से मंजूरी की उम्मीद है। इसमें सांसद रुचि लेते हैं तो ये काउंटर भी जल्द मंजूर कर लिए जाएंगे।

मुख्य डाकघरों में होगा रिजर्वेशन : रेल मंत्रालय को जो प्रस्ताव भेजा गया है, उसके मुताबिक प्रदेश के 5 बड़े शहरों के मुख्य डाकघर में रिजर्वेशन काउंटर खोलने की योजना है। रेल मंत्रालय और डाक विभाग के बीच रिजर्वेशन टिकट के लिए करार हुआ है। इसका लाभ अब जोन के यात्रियों को भी मिलेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की तैयारी बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, भाटापारा और कोरबा के मुख्य डाकघरों में रिजर्वेशन काउंटर खोलने की है। यह सुविधा मिलते ही बिलासपुर में तीन रिजर्वेशन काउंटर हो जाएंगे। तहसील दफ्तर में काउंटर पहले से चल रहा है।


इस साल इन शहरों में काउंटर
न्यू एयरपोर्ट टर्मिनल रायपुर, सूरजपुर रोड, नगर, कटोरा, मुंगेली, जशपुर नगर, अमरकंटक और करंजी
इन शहरों में प्रस्तावित : मंदिर हसौद, कोइलारी, पत्थलगांव, कटंगी, बरगी और भिलाई।
यहां डाकघरों में खुलेंगे : बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, कोरबा, भाटापारा, छिंदवाड़ा, तुमसर और सकरधारा।

मंत्रालय से मंजूरी का इंतजार
जोन के 8 शहरों में पीआरएस खोलने की अनुमति मिल गई है। ये काउंटर जल्द ही शुरू कर दिए जाएंगे। 14 शहरों में भी रिजर्वेशन काउंटर खोलने का प्रस्ताव है। रेल मंत्रालय से मंजूरी की जरूरत है। मंजूरी मिलते ही इनकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।