Indian Railways News => Topic started by TrustMe on Jun 18, 2013 - 06:30:08 AM


Title - बिना टिकट पकड़े गए 36 मुसाफिर
Posted by : TrustMe on Jun 18, 2013 - 06:30:08 AM

गोरखधंधा

- मुंबई से तत्काल कोटे में टिकटों का खेल

- कुशीनगर एक्सप्रेस व लोकमान्य तिलक सुपर फास्ट में हुई जांच

-जांच दल ने वसूला 32 हजार रुपये जुर्माना

जागरण संवाददाता, लखनऊ :

तत्काल कोटे में आरक्षित बर्थ पर बिना टिकट सफर कर रहे 36 मुसाफिरों को रेलवे के जांच दल ने रविवार देर रात पकड़ लिया। इन यात्रियों की बर्थ तो बुक थी, लेकिन उनके पास टिकट नहीं थे। इनसे जुर्माने के तौर पर करीब 32 हजार 91 रुपये जुर्माने के तौर पर वसूले गए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राधेश्याम ने कहा कि यह जांच लगातार जारी रहेगी।

मुंबई से तत्काल टिकट बुक कराकर गोरखपुर, गोंडा, बस्ती व लखनऊ से सफर करने वाले यात्रियों तक पहुंचाने का गोरखधंधा सामने आने के बाद रेलवे द्वारा पिछले चार दिनों से जांच कराई जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे की वाणिज्य शाखा के अधिकारी ट्रेन के चार्ट की मानीटरिंग कर रहे हैं और मुंबई से बुक टिकट की जांच कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को कुशीनगर एक्सप्रेस की जांच में 14 मुसाफिरों को सफर करते पकड़ा गया। इनके पास मौके पर टिकट नहीं मिले। इनसे 10 हजार 587 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। इसी तरह से लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में जांच के दौरान 22 यात्रियों को बिना टिकट सफर करते पकड़ा गया। इसमें सात मुसाफिर वातानुकूलित श्रेणी में तथा 15 मुसाफिर स्लीपर श्रेणी में सफर कर रहे थे। इन लोगों से 21 हजार 504 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस तरह से जांच दल ने कुल 36 यात्रियों को पकड़ कर उनसे 32 हजार 91 रुपये जुर्माना वसूला।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राधेश्याम ने बताया कि ट्रैवेल एजेंटों के इस गोरखधंधे को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सेंट्रल रेलवे द्वारा टीमें गठित कर दी गई हैं जो मामले की जांच कर रही हैं।

इधर जांच, उधर बुकिंग

रेलवे अधिकारी ट्रैवेल एजेंट के नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच कर रहे हैं, लेकिन सिलसिला रुकता नजर नहीं आ रहा है। इसका अंदाजा रविवार को हुई बुकिंग से ही लगाया जा सकता है। सोमवार को कुशीनगर एक्सप्रेस में तत्काल कोटे की 344 सीटों में 278 मुंबई के विभिन्न स्टेशनों से बुक थीं। इसी तरह से लोकमान्य तिलक सुपर फास्ट एक्सप्रेस में तत्काल कोटे की 127 में 87 बर्थ मुबंई से बुक कराई गई थीं। खास बात यह है कि पुष्पक एक्सप्रेस में मुंबई से बुकिंग कम है जबकि कुशीनगर व लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में ही तत्काल कोटे की बर्थ मुंबई में बुक कराई जा रही है।