Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Mar 07, 2013 - 21:00:47 PM


Title - बिजली वाली ट्रेन मासांत तक
Posted by : ConfirmTicket on Mar 07, 2013 - 21:00:47 PM

बनारस-लखनऊ

-----------

-यार्ड री-मॉडलिंग व स्वचालित सीढि़यां शीघ्र, महाशिवरात्रि पर भीड़ के अनुसार चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

जागरण संवाददाता, वाराणसी : महा शिवरात्रि के अवसर पर रेलवे नौ से 11 मार्च तक लगभग आधा दर्जन विशेष गाड़ियां चलाएगा। जिस दिशा के शहरों को जाने वाली भीड़ अधिक होगी उसी दिशा की ओर स्पेशल गाडि़या चलाई जाएंगी। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

यह जानकारी बुधवार को वाराणसी आए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम जगदीप राय ने दी। बताया कि इलाहाबाद, लखनऊ, फैजाबाद के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। गोरखपुर, छपरा व आजमगढ़ के लिए भी ट्रेनें चलाने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के साथ समन्वय बनाया गया है। लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी व मुगलसराय के बीच मार्च के अंत तक बिजली से चलने वाले इंजनों से पैसेंजर गाडि़यां चलनी शुरू हो जाएंगी। कैंट स्टेशन के यार्ड की री-मॉडलिंग व प्लेटफार्मो पर स्वाचालित सीढि़यां बनाने का काम भी शीघ्र कराया जाएगा।

सुरक्षा के लिए पीएसी की एक कंपनी

महाशिवरात्रि के बाबत कैंट स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी की एक कंपनी आठ से 11 मार्च तक तैनात की जाएगी। यह जानकारी बुधवार को डीआइजी (रेलवे) बीडी पाल्सन ने दी। वह एक दिवसीय दौरे पर लखनऊ से बनारस आए थे।

सुलभ प्रसाधन फ्री : कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित सुलभ शौचालय नौ से 11 मार्च तक नि:शुल्क रहेगा। जीआरपी के क्षेत्राधिकारी शेषनाथ सिंह ने बताया कि यह सुविधा डीआरएम ने देने की घोषणा की है।