Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Sep 16, 2013 - 08:55:49 AM


Title - बासी खाने को लेकर ट्रेन में हंगामा
Posted by : eabhi200k on Sep 16, 2013 - 08:55:49 AM

यात्रियों की शिकायत के बावजूद रेलवे की खानपान व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में बासी खाना परोसने का विरोध करने पर पेंट्रीकार मैनेजर अभद्रता पर उतर आया। इसके भड़के यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।
नई दिल्ली से वाराणसी जा रही ट्रेन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के वातानुकूलित कोच ए-वन में लखनऊ निवासी विनोद मल्होत्रा यात्रा कर रहे थे। उन्होंने ट्रेन में चल रही पेंट्रीकार से पकौड़े व समोसे खरीदे। खाने पर पता चला कि दोनों आइटम बासी थे, जिनसे दुर्गध आ रही थी। इसके बाद उन्होंने वेंडर को फटकार लगाते हुए पेंट्रीकार मैनेजर को बुलाने को कहा। थोड़ी देर बाद कोच में पहुंचे मैनेजर ने श्री मल्होत्रा से अभद्रता शुरू कर दी। इस पर उन्होंने शिकायत पुस्तिका मांगी। इसके बाद पेंट्रीकार मैनेजर मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद अन्य यात्री भी भड़क गए। ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचने पर यात्रियों ने इसकी शिकायत जीआरपी से की। मौके पर पहुंची जीआरपी ने कोच कंडक्टर से यात्रियों को शिकायत पुस्तिका दिलवाई। जिस पर यात्रियों ने बासी खाना देने व शिकायत पर अभद्रता करने का मामला दर्ज किया है। इसके बाद यात्री शांत हुए। इस संबंध में एडीआरएम हितेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि संबंधित मामले की शिकायत लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम तक पहुंच गई है, कार्रवाई भी वहीं से होगी।
पहले भी हो चुका है बवाल
कुछ माह पूर्व काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में ही बासी खाने को लेकर यात्रियों ने हंगामा किया था। इस मामले में पेंट्रीकार मैनेजर कोच में ताला डालकर फरार हो गया था। जिसके बाद रेलकर्मियों ने ताला तोड़कर खानपान के नमूने लिए थे। इस मामले में आरोपी मैनेजर को हटा दिया गया। मगर कुछ ही समय बाद अफसरों से साठगांठ कर दोबारा उसी मैनेजर को पेंट्रीकार में तैनाती मिल गई।