Indian Railways News => Topic started by greatindian on Oct 09, 2012 - 15:01:17 PM


Title - बसपा स्पेशल बन लखनऊ रवाना हुई व्यास एक्सप्रेस
Posted by : greatindian on Oct 09, 2012 - 15:01:17 PM

मुजफ्फरनगर। लखनऊ में आयोजित बसपा की राष्ट्रीय महारैली में शामिल होने को लोग मुजफ्फरनगर से पार्टी की स्पेशल ट्रेन से रवाना हुए। अंबाला डिवीजन से आई व्यास एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर से बसपा स्पेशल बन कर लखनऊ रवाना हुई। बसपाइयों ने 21 डिब्बे की स्पेशल ट्रेन 14 लाख 78 हजार रुपये में बुक कराई। ट्रेन में एसी सेकंड, थर्ड, स्लीपर तथा जनरल के कोच लगे हैं।

लखनऊ के रमाबाई मैदान में कांशीराम की छठी पुण्यतिथि पर बसपा की राष्ट्रीय महारैली आयोजित की जा रही है, जिसमें भाग लेने को मुजफ्फरनगर व आसपास से काफी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ के लिए रवाना हुए। गार्ड के साथ मौजूद रहे सांसद कादिर राना ने बसपा स्पेशल एक्सप्रेस को तीन बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेलवे ने ट्रेन बुक कराने के समय साढ़े चौदह लाख रुपये तथा लाखों की सिक्योरिटी जमा कराई है। हालांकि बसपाइयों ने रवाना होने से पहले ही ट्रेन को पोस्टर-बैनर से पाट दिया। डिब्बों पर पोस्टर बैनर चिपकाने पर रेलवे सिक्योरिटी फंड से जुर्माना भी वसूलने की तैयारी कर रहा है। अगर ट्रेन निर्धारित समय पर मुजफ्फरनगर नहीं पहुंचती तो लेट फीस का भी चार्ज रेलवे वसूलेगा। पिछले साल भी बसपा की महारैली में मुजफ्फरनगर से स्पेशल ट्रेन रवाना हुई थी, जिसमें बसपाइयों को पांच लाख रुपये जुर्माना भरना पड़ा था।

भटकते रहे लोग

रैली में जाने को लोग रेलवे स्टेशन पर भटकते रहे। बसपा का कोई जिम्मेदार सदस्य वहां न होने के कारण लोग परेशान रहे। हालांकि लखनऊ जाने वालों की चांदी जरूर रही। रैली में जाने वाले तो लखनऊ गए ही साथ ही अन्य यात्री भी मौका भुनाने से नहीं चूके। एसी सेकंड, थर्ड कंबाइंड कोच में सांसद, मंत्री व वीआइपी तथा स्लीपर व जनरल में कार्यकर्ता रवाना हुए।