Indian Railways News => Topic started by irmafia on Sep 20, 2013 - 17:56:13 PM


Title - बरेली में टूटी पटरी पर दौड़ा दीं कई रेलगाड़ियां
Posted by : irmafia on Sep 20, 2013 - 17:56:13 PM

रेल प्रशासन की लापरवाही ने एक बार फिर सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी को मुसीबत में डाल दिया। चनेहटी में तीन ट्रेनों को टूटी पटरी से ही गुजार दिया गया, जिससे वे हादसे का शिकार होते-होते बचीं। जानकारी पर तुरंत अप लाइन से ट्रेन संचालन बंद कराकर नई पटरी डाली गई।
चनेहटी-बरेली स्टेशन के बीच 1305 किमी के पोल 3/5 के पास गुरुवार की सुबह पटरी टूट गई। इसकी भनक रेल कर्मियों को नहीं लग सकी। नतीजन, टूटी पटरी से ही 15005 गोरखपुर-हरिद्वार, 22407 न्यूजलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस और 54251 लखनऊ सहारनपुर पैसेंजर गुजार दीं।
गनीमत थी कि ट्रेनों के हिचकोले खाने पर तुरंत चालकों ने सूझबूझ से काम लिया। न केवल रफ्तार थाम दी बल्कि मुरादाबाद कंट्रोल को पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद ही सुबह 9:40 बजे लखनऊ से दिल्ली, पंजाब, जम्मू-काश्मीर और उत्तराखंड को जाने वाली ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। रेल पथ निरीक्षक पीके गुप्ता, डीके लोहानी ने टीम के साथ टूटी पटरी पर कॉशन लगाकर 10:30 बजे ट्रेन संचालन मात्र 30 कि.मी. की रफ्तार से शुरू कराया। रेल मुख्यालय के अफसरों ने टूटी पटरी को बदलने के निर्देश दिए। दोपहर 12:45 से 01:15 बजे के बीच ब्लाक लेकर नौ मीटर की नई पटरी डाली गई। इस दौरान स्टेशन की पांच-छह लाइन से ट्रेनों को गुजारा गया। अप लाइन की पटरी कैसे टूट गई? इस मामले की जांच होगी। रेल मुख्यालय ने टूटी पटरी की जांच आरडीएसओ लैब में कराने के निर्देश दिए हैं। एक मीटर टुकड़ा काटकर मुरादाबाद भेज दिया है। रेल मंडल के अफसरों ने रेल पथ निरीक्षक से रिपोर्ट लेकर चीफ इंजीनियर को भेज दी है।