Indian Railways News => Topic started by RailXpert on May 10, 2012 - 21:00:26 PM


Title - फरीदाबाद से गुजरिए तो ठंडा पानी जरूर पीजिए
Posted by : RailXpert on May 10, 2012 - 21:00:26 PM

फरीदाबाद . माथे पर पसीना और हाथों में ठंडे पानी का जग..इंतजार है प्यासों का। यह नजारा भीषण गर्मी में ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन का। जैसे ही ट्रेन रुकती है। प्यास से ठंडा पानी तलाशते महिलाओं और बच्चों की खाली बोतल में ठंडा पानी भरा जाने लगता है। हर यात्री से बस यही प्रार्थना फरीदाबाद से गुजरिए तो ठंडा पानी जरूर पीजिए! यह सेवा नियमित चल रही है।



सर्व सेवा सहयोग संघ के बैनर तले पानी पिलाने की सेवा में अब डॉक्टर से लेकर इंजीनियर तक और आम लोग से लेकर पुलिसवाले तक करीब 50 लोग लगे हैं जो अपने समयानुसार स्टेशन पर थोड़ा-थोड़ा वक्त गर्मियों में इस कार्य को दे रहे हैं। स्टेशनों पर गर्मियों के सफर में पीने के पानी की समस्या गंभीर है।


लोगों को ट्रेनों में अक्सर पानी वेंडरों से खरीदकर ही पीना पड़ता है। अगर स्टेशन आ गया तो वॉटर कूलर और प्याऊ पर लंबी कतार के चलते कम ही लोग पानी भर पाते हैं। यहां तक कि वेंडर ही अपना व्यवसय करने के चलते पानी की समस्या बनाए रखते हैं। इन समस्याओं को देखते हुए ही संघ के सेकेट्ररी बीपी जुनेजा ने चार लोगों के साथ मिल यह कार्य चार साल पहले शुरू किया था।


उस दर्द ने दी प्रेरणा : जुनेजा - जुनेजा ने बताया कि चार साल पहले वह लुधियाना ट्रेन से गए थे। तब गर्मियों के दिनों में उन्हें काफी समस्या झेलनी पड़ी। जब वापस आए तो चार दोस्तों के साथ मिल उन्होंने गर्मियों में लोगों को सेवा देने की शुरूआत की। इस दौरान उन्हें वेंडरों की भी दादागिरी का सामना करना पड़ा, लेकिन स्टेशन अधीक्षक डीडी सिंघल और यहां के पुलिस सहयोग से यह कार्य शुरू किया जा सका। इस सेवा के लिए हर शख्स को फाइनेंस और फिजिकली दोनों प्रकार से जुड़ने का अधिकार दिया गया है।


कोई भी शख्स अपने समयानुसार यहां पर फ्री पानी पिलाने की सेवा दे सकता है। या व्यवस्था में फाइनेंस कर मदद कर सकता है। संस्था इस वर्ष ही बनाई गई है। और इस बार ट्रॉली का इंतजाम किया गया है। जब स्टेशन पर ट्रेन आएगी तो आखिरी छोर से ट्रॉली दौड़ाई जाएगी।



साथ में सेवादल जग से पानी लेता हुआ प्रत्येक डिब्बे के लोगों की प्यास बुझाने का कार्य करेगा। इस साल सभी सदस्य यहां आरओ लगाने के लिए भी पैसा इकट्ठा कर रहे हैं और अब लोकप्रिय सोशल साइट फेसबुक से भी निस्वार्थ सेवा करने वालों को आमंत्रित किया जा रहा है।


ये भी है लोगों की सेवा में कार्यरत : फ्री पानी पिलाने की सेवा में मारवाड़ी युवा मंच और वृद्ध आश्रम संस्था के सदस्य भी लगे हुए हैं। वृद्ध आश्रम जिले के तीन स्टेशनों पर यह सेवा दे रहा है। जबकि मारवाड़ी युवा मंच आरओ मयूर जग लेकर बोगियों में पानी पिलाता है।


इस तरह चलता है काम सेवा का


सर्व सेवा सहयोग संघ रेलवे का पानी ही ड्रम में भरकर उसमें बर्फ डाल इस्तेमाल करता है, जब पानी की समस्या होती है तो टैंकर मंगाया जाता है। सब इंतजाम सभी सदस्य कंट्रीब्यूट कर करते हैं। जो भी अगर मदद करना चाहता है तो उसे इस सेवा से जोड़ा जाता है। मारवाड़ी और वृद्ध आश्रम बड़े व्यवसायियों से चंदा इकट्ठा कर इस कार्य को करते हैं।