Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jun 10, 2012 - 18:00:24 PM


Title - प्रिय यात्रियों, राजधानी एक्सप्रेस में बुकिंग बंद हैं!
Posted by : puneetmafia on Jun 10, 2012 - 18:00:24 PM

बेगूसराय : जिला के बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों एवं दैनिक रेल यात्रियों के वर्षो के प्रयास उपरांत सोनपुर मंडल में दूसरा सबसे अधिक राजस्व देनेवाले बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर 3 फरवरी से 2 अगस्त तक के लिए प्रायोगिक तौर पर दो मिनट के लिए 12435/36 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव दिया गया। विभाग ने कहा था कि ट्रेन के ठहराव से अगर राजस्व में वृद्धि होगी तो इसे आगे स्थाई किया जायेगा। इसी परिपेक्ष्य में बेगूसराय से नई दिल्ली के लिए चार बर्थ का कोटा भी निर्धारित किया गया। इसके बाद बेगूसराय से राजधानी एक्सप्रेस में बुकिंग में बढ़ोतरी देखी गई। लेकिन विभागीय स्तर पर अप्रैल माह से ही आगामी 7 जुलाई के बाद की बुकिंग बंद कर दी गई है। नतीजतन 7 जुलाई के बाद राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा करनेवाले यात्रियों के लिए बेगूसराय से टिकट उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे स्थानीय लोगों में धीरे-धीरे आक्रोश व्याप्त होने लगा है।
इस बाबत हमने जानना चाहा समाज के कुछेक बुद्धिजीवियों एवं जनप्रतिनिधियों से उनकी राय कि आखिर क्यों भारतीय रेल जिले के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
बेगूसराय में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को सुनिश्चित करवाने का सारा श्रेय लेने वाले स्थानीय सांसद डा. मोनाजिर हसन कहते हैं कि बेगूसराय स्टेशन से डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी के लिए चार सीट के निर्धारित कोटा के बावजूद टिकट नहीं मिलने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वह इसके लिए अविलंब रेलमंत्री से बात कर समस्या का समाधान करने का प्रयास करेंगे।बेगूसराय नगर निगम के महापौर आलोक कुमार अग्रवाल कहते हैं कि जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से जिले वासियों को खासी उम्मीदें जगी थी। लेकिन विभाग द्वारा ट्रेन का आरक्षण रोका जाना दुखद है। विभाग को इसके लिए विचार करनी चाहिए।भाजपा वाणिज्य मंच के प्रदेश अध्यक्ष नीरज कुमार कहते हैं कि जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशन से राजधानी एक्सप्रेस का आरक्षण नहीं दिया जाना महज एक विभागीय साजिश है। बेगूसराय स्टेशन पर राजधानी के ठहराव से निश्चित तौर पर भारतीय रेल के राजस्व में बढ़ोत्तरी होगी।विधान पार्षद सह भाजपा नेता रजनीश कुमार सिंह कहते हैं कि बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को सुनिश्चित किया जाए तथा इसके लिए रेलवे को बेगूसराय से निर्धारित कोटा के लिए आरक्षित टिकट देना अविलंब शुरू करें। अन्यथा वह बेगूसराय की जनता के हित के लिए आंदोलन भी करेंगे।विधान पार्षद वासुदेव सिंह कहते हैं कि जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से लोगों में हर्ष था। लेकिन विभाग द्वारा इसके आरक्षित टिकट बिक्री पर रोक लगाना अत्यंत दुखद है। इसके लिए वह विभाग से बात करेंगे तथा अविलंब आरक्षित टिकट मुहैया कराने की मांग करेंगे।विधान पार्षद व राजद नेता डा. तनवीर हसन ने बड़े रोषपूर्ण तरीके से उक्त मुद्दे का विरोध किया। उन्होंने कहा कि रेलवे के मानचित्र पर वर्षो से बेगूसराय जिला उपेक्षित है। रेलवे ने कभी भी बेगूसराय के विकास की ओर ध्यान नहीं दिया है और इसके लिए वर्तमान केंद्र सरकार पूर्णत: दोषी है।नगर विधायक सुरेन्द्र मेहता कहते हैं कि भारत सरकार के रेल मंत्रालय द्वारा बेगूसराय की उपेक्षा करना घोर निंदनीय विषय है। अगर जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशन पर राजधानी के ठहराव को पूर्णत: सुनिश्चित नहीं किया जाएगा तो यह जन आंदोलन का रूप भी ले सकती है।बेगूसराय की जनता के हित में सदैव संघर्षरत रहने वाले नवादा सांसद डा. भोला प्रसाद सिंह से जब उक्त मुद्दे पर बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि इसके लिए स्थानीय सांसद ही सबसे सही जवाब दे सकते हैं।