Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jul 17, 2012 - 21:19:09 PM


Title - पूरी हुई वर्षों की जनता की चाहत, अबोहर-फाजिल्का रेल सेवा शुरू
Posted by : puneetmafia on Jul 17, 2012 - 21:19:09 PM

लोगों की वर्षो पुरानी मांग सोमवार को पूरी हो गई जब फूलों से लदी अबोहर-फाजिल्का ट्रेन को सुबह 11.05 बजे रेल राज्यमंत्री केएच मुनियप्पा के अलावा सांसद शेर सिंह घुबाया, विधायक सुनील जाखड़, वनमंत्री सुरजीत ज्याणी, विधायक गुरतेज सिंह और विधायक राणा सोढी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी देकर फाजिल्का के लिए रवाना किया। इसके बाद स्टेशन पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए रेल राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल केंद्र को प्रपोजल भेजें हम भरपूर सहयोग देंगे।

अमृतसर के लिए ट्रेन शुरू की जाए : जाखड़ विधायक सुनील जाखड़ ने कहा कि भारत-पाक विभाजन से पहले हिंदुमलकोट से कराची के लिए गाड़ियां चलती थीं। अगर इस रेलवे मार्ग को खोल दिया जाए तो दोनों देशों में व्यापार बढ़ेगा। जाखड़ ने मांग की कि अबोहर से श्री अमृतसर साहिब एवं मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए रेल सेवा शुरू की जाए।

पत्रकारों से बातचीत में मुनियप्पा ने कहा कि : अगर हिंदुमलकोट बार्डर से पाकिस्तान के लिए रेल सेवा शुरू हो जाए, तो दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ने के साथ-साथ भारत को अरब देशों में माल भेजने में आसानी होगी। वे इस संदर्भ में रेलमंत्री मुकुल राय और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से बात करेंगे। इस परियोजना पर ज्यादा धनराशि खर्च नहीं होगी, क्योंकि हिंदुमलकोट से भारतीय क्षेत्र में रेल लाइन है ही और वहां से मात्र 5 किलोमीटर दूर पाकिस्तान इलाके में रेलवे लाइन है, जोकि सीधी वहां की बंदरगाह कराची को रेल सेवा प्रदान करती है।

रेल राज्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष पंजाब के इतिहास में रेल सेवा का सुनहरा पन्ना जोड़ देगा। पंजाब में 3080 करोड़ की लागत से 246 किलोमीटर लंबी रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिसके अंतर्गत लुधियाना से साहनेवाला-नंगल डैम से होते तलवाड़ा तक का ट्रैक तैयार हो चुका है। तरनतारन से गोइंदवाल तथा लुधियाना से चंडीगढ़ 112 किलोमीटर लंबे ट्रैक का काम अंतिम चरण में है। इसी तरह घनौली-देहरादून और श्री आनंदपुर साहिब-गढ़शंकर मार्ग पर कार्य जारी है।

रेल राज्यमंत्री ने बताया कि जाखल से मानसा, मानसा-बठिंडा, जालंधर से वाया पठानकोट जम्मू ट्रैक व अंबाला-धप्पर ट्रैक को डबल करने का काम भी प्रगति पर है। यह सारे काम इस वर्ष मुकम्मल हो जाएंगे।

फिरोजपुर-दिल्ली शताब्दी चले: घुबाया सांसद शेर सिंह घुबाया ने श्रीगंगानगर और फिरोजपुर से दिल्ली के लिए शताब्दी ट्रेन चलाने की मांग की। उन्होंने मानव रहित रेलवे फाटकों पर होने वाले हादसे टालने के लिए उचित कदम उठाने का आग्रह भी रेल राज्यमंत्री से किया।

पहले दिन आधे बिना टिकट

अबोहर-फाजिल्का रेल सेवा शुरू होने के पहले दिन लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। अक्सर बिना प्लेटफार्म टिकट रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने से झिझकने वाले धड़ल्ले से बिना टिकट प्लेटफार्म पर गए। फाजिल्का के लिए करीब एक हजार यात्रियों को लेकर गई गाड़ी में सफर करने वाले लगभग 500 यात्रियों ने ही टिकटें खरीदी थीं, जबकि बाकी ने बिना टिकट चाव पूरा किया