Indian Railways News => Topic started by greatindian on Sep 25, 2013 - 05:56:10 AM


Title - पुलिस ने खंगाला जंक्शन व ट्रेन
Posted by : greatindian on Sep 25, 2013 - 05:56:10 AM

मुगलसराय (चंदौली) : पंचकोशी यात्रा के लिए आंध्र प्रदेश से भारी संख्या में साधुओं के आगमन की सूचना के मद्देनजर रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जमकर जांच पड़ताल की गई। साथ ही भारी संख्या में फोर्स की तैनाती भी की गई थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि डाउन संघमित्रा एक्सप्रेस ट्रेन द्वारा बड़ी संख्या में साधु मुगलसराय पहुंच रहे हैं। यहां से साधु दूसरी ट्रेन द्वारा अयोध्या के लिए कूच करेंगे और पंचकोशी यात्रा में भाग लेंगे किन्तु ट्रेन के यहां आने पर ऐसा कुछ भी नहीं रहा।
दरअसल 12295 डाउन बैंग्लोर से पटना जाने वाली संघमित्रा एक्सप्रेस ट्रेन के तीन कोचों में बड़ी संख्या में साधु व श्रद्धालु अयोध्या में पंचकोशी यात्रा में भाग लेने की सूचना पर आनन फानन में मुगलसराय जीआरपी व पुलिस को तत्काल जंक्शन पर पहुंचने व सर्तकता बरतने के आदेश मिले थे। इसी के तहत लगभग पांच बजे भोर में पहुंचने वाली ट्रेन के आने से पहले ही जंक्शन पर सीओ सुधाकर यादव सहित मुगलसराय कोतवाल रामप्रगट यादव, अलीनगर थानाध्यक्ष साजिद सिद्दीकी पुलिस, होमगार्ड व महिलाकर्मियों के साथ पहुंचकर ट्रेन का इंतजार करने लगे।
तीन घंटे विलंब से उक्त ट्रेन प्रात: आठ बजे जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही पुलिस फोर्स ने इंजन से लेकर गार्ड तक के डिब्बों को खंगालना शुरू कर दिया लेकिन उन्हें ऐसा कुछ भी नहीं मिला। जीआरपी कोतवाल रतन सिंह यादव ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस फोर्स तैनात थी लेकिन ट्रेन में ऐसा कुछ भी नहीं था।