Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Jul 26, 2013 - 21:00:54 PM


Title - पीआरएल के पार्सल यान से लाखों के कपड़े चोरी
Posted by : eabhi200k on Jul 26, 2013 - 21:00:54 PM

प्रतापगढ़। वन पीआरएल ट्रेन के पार्सल यान से लाखों रुपये का कपड़ा चोरी हो गया। चोरों ने पार्सल यान को काटकर कपड़े चोरी किए और गेट अंदर से बंद कर दिया।
लखनऊ से प्रयागघाट चलने वाली ट्रेन टू पीआरएल कहलाती है। यही ट्रेन जब प्रयागघाट से लखनऊ के लिए चलती है तो वन पीआरएल हो जाती है। गुरुवार को इस ट्रेन पर जिले के दो व्यापारियों ने लखनऊ से लाखों रुपये का कपड़ा भेजा। ट्रेन जब स्टेशन पर पहुंची तो गेट खोलने का प्रयास किया गया लेकिन यह नहीं खुल सका। यह ट्रेन जब प्रयागघाट से शाम को फिर लखनऊ के लिए लौटी तो पार्सल के लोगों ने इसे चेक करना शुरू किया। देखा तो इसके ऊपर से पतरा काटकर चोरों ने कपड़े की सभी गांठें पार कर दीं और अंदर से गेट लाक कर दिया। ट्रेन से माल गायब होने की जानकारी होते ही व्यापारियों के होश उड़ गए। इसमें शहर के संतोष केसरवानी के बोरे से पूरा माल गायब था जबकि नागेश चंद्र मिश्र के बोरे से 75 प्रतिशत माल गायब था। दोनों का मिलाकर लगभग एक लाख पांच हजार रुपये का कपड़ा गायब हुआ है। इसकी सूचना आरपीएफ को दी गई तो वह भी मौके पर पहुंची। जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ट्रेन से माल गायब होने की सूचना पर पहुंचे व्यापार मंडल ने कहा कि कि ट्रेनों में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ गईं हैं। इसकी तरफ रेलवे का ध्यान नहीं जा रहा है। आए दिन व्यापारियों को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले पद्मावत, फिर मुगलसराय पैसेंजर इसके बाद साकेत में भी चोरी हुई थी। इन मामलों में न तो कोई कार्रवाई हो पाती है और न ही इनका सुराग लग पाता है। व्यापारियों ने कहा कि इस मामले डीआरएम से लखनऊ में मिलकर मामले का खुलासा कराने की मांग की जाएगी।