Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Aug 30, 2013 - 15:56:49 PM


Title - पटरी पार करना पड़ा महंगा, 20 लोगों को 10 दिन की जेल
Posted by : riteshexpert on Aug 30, 2013 - 15:56:49 PM

पलपल इंडिया ब्यूरो, मुंबई. पटरी पार करने वालों की अब खैर नहीं है. ट्रैक पर होने वाली मौत रोकने के लिए पश्चिम रेलवे ने पटरी पार करने वालों के खिलाफ एक विशेष मुहिम छेड़ी है. जिसे ट्रैक सुरक्षा, जीवन रक्षा, नाम दिया गया है.  इस अभियान के तहत 28 अगस्त को अकेले अंधेरी स्टेशन पर 155 लोगों को पटरी पार करते हुए पकड़ा गया, जिनमें से जुर्माना न भरने वाले 20 लोगों को 10 दिन के लिए जेल भेज दिया गया. शेष लोगों से 1.35 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूले गए.

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पटरी पार करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी है. रेलवे के तमाम प्रयासों के बावजूद लोग पटरी पार करने से बाज नहीं आ रहे हैं, जिससे महानगर के उपनगरीय खंड में रोजाना औसतन 9 लोगों की मौत हो रही है. जिसे ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने एक बार फिर विशेष मुहिम छेड़ी है. इस मुहिम की शुरुआत 28 अगस्त से अंधेरी से की गई. महानगर के उपनगरीय खंड में अंधेरी, कुर्ला, बोरीवली, जोगेश्वरी ट्रेसपासिंग के लिहाज से संवेदनशील प्वाइंट माने जाते हैं.

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शरत चंद्रायन ने कहा कि ट्रेसपाङ्क्षसग एक सामाजिक बुराई का हिस्सा बन चुकी है. रेलवे प्रशासन द्वारा इस समस्या पर काबू पाने के लिए तरह-तरह के प्रयास किए जा रहे हैं. काउंसिलिंग से लेकर रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई भी की जा रही है. जगह-जगह नए पादचारी पुल बनाने के साथ स्वचालित सीढिय़ां लगाने की प्रक्रिया भी शुरू है. अकेले पश्चिम रेलवे के उपनगरीय खंड में 100 से अधिक पादचारी पुल और सबवे हैं. साथ ही दो दर्जन से अधिक नए पादचारी पुल और एस्केलेटर्स लगाने की प्रक्रिया भी शुरू है.