Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Sep 16, 2013 - 20:00:18 PM


Title - नोएडा सिटी सेंटर स्टेशन पर शुरू हुआ मरम्मत का काम
Posted by : ConfirmTicket on Sep 16, 2013 - 20:00:18 PM

नोएडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर पिलर और गार्डर के बीच आई दरार की मरम्मत का कार्य दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शुरू कर दिया है। दरार वाले गार्डर को सहारा देने के लिए रविवार देर शाम तक अस्थाई ढांचा तैयार करने का काम जारी था।
नोएडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर मौजूद डीएमआरसी सिविल कंस्ट्रक्शन से जुड़ी कई टीमें मरम्मत के संभावित विकल्पों पर परामर्श कर रही थीं। डीएमआरसी अधिकारी एक सप्ताह में मरम्मत के काम को पूरा करने की संभावना जता रहे हैं। दरार को पाटने के बाद मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के झुके हुए हिस्से की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। इस काम को पूरा होने में भी करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है।
गार्डर एवं प्लेटफार्म की मरम्मत का काम पूरा होने तक ट्रेनों का परिचालन प्लेटफार्म नंबर दो से ही किया जाएगा। डीएमआरसी सूत्रों के अनुसार शनिवार देर रात्रि मेट्रो स्टेशन के निरीक्षण के लिए पहुंची टीम ने प्लेटफार्म संख्या एक के पहले पिलर और गार्डर (बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सिटी सेंटर की ओर) के बीच दरार पाई गई थी।
इसके चलते प्लेटफार्म का एक हिस्सा हल्का सा झुके होने की भी पुष्टि हो गई थी। मरम्मत के लिए रविवार तड़के सड़क पर बैरिकेडिंग कर क्रेन लगाने का काम शुरू कर दिया गया। डीएमआरसी के अधिकारी के अनुसार खामियों को दूर करने के लिए चौबीसों घंटे काम करते हुए जल्द से जल्द  प्लेटफार्म को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।