Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 31, 2013 - 19:56:32 PM


Title - नरेला में फिर जोर पकड़ने लगी मेट्रो की मांग
Posted by : eabhi200k on Aug 31, 2013 - 19:56:32 PM

उपनगरी का दर्जा हासिल नरेला में मेट्रो की मांग लगातार जोर पकड़ रही है। मेट्रो के तीसरे चरण में नरेला को नहीं जोड़ने से लोगों में निराशा है। लोगों का कहना है कि नरेला में बड़ी आबादी रहने के बाद यहां अब तक मेट्रो की सुविधा के लिए कोई पहल नहीं होना हैरान करने वाला है।
बड़ी संख्या में लोग करते हैं काम
नरेला औद्योगिक क्षेत्र है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग फैक्टरियों में काम करते हैं। ये रोजाना दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से यहां आते हैं। ऐसे में यहां भी मेट्रो की सुविधा बहाल की जानी चाहिए।
सुदेश शर्मा, औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत
सार्वजनिक परिहवन व्यवस्था ठीक नहीं
नरेला की आबादी तकरीबन पांच लाख है। आसपास के गांवों में भी बड़ी आबादी रहती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की बदहाली के कारण सार्वजनिक परिवहन प्रणाली व्यवस्था कारगर नहीं हैं। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में घंटों बस का इंतजार करना पड़ता है।
रतना, स्थानीय निवासी नरेला
डीटीसी सेवा भी ठीक से उपलब्ध नहीं
यहां के डिपो में डीटीसी की अधिकतर बसें खटारा हो चुकी हैं। कई बसें रास्ते में खराब हो जाती हैं। इससे यहां के यात्रियों को रोजाना असुविधा होती है। महिलाएं व स्कूल कालेज की छात्राओं को ऐसी स्थिति के कारण और भी ज्यादा दिक्कतें होती हैं। ऐसे में नरेला तक मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
रवि चंद्रा, छात्र
कोई पहल नहीं
नरेला में जाम बड़ी समस्या है। मेट्रो आने पर लोगों को इस समस्या से भी छुटकारा मिल जाएगा, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है।
मनीष गुप्ता, मार्केट एसोसिएशन पदाधिकारी
दो दिन में 1.70 लाख हस्ताक्षर
नरेला में मेट्रो के लिए हस्ताक्षर अभियान लगातार जारी है। दो दिन में एक लाख 70 हजार लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। सितंबर में बड़े स्तर पर यह अभियान चलाया जाएगा।
केशरानी नीलदमन खत्री, स्थानीय पार्षद