Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Jun 28, 2013 - 18:00:25 PM


Title - नई ट्रेनों के लिए अभी करना होगा लंबा इंतजार, नहीं मिली कोई सूचना
Posted by : ConfirmTicket on Jun 28, 2013 - 18:00:25 PM

रायपुर। रेल मंत्रालय द्वारा घोषित नई ट्रेनों का लाभ रेल यात्रियों को अभी मिलने वाला नहीं है। इसके लिए कम से कम पांच महीने इंतजार करना होना। रायपुर रेल मंडल को हाल ही में दो नई साप्ताहिक ट्रेनों की सौगात मिली है। इसके अलावा रेल बजट में भी लोकल ट्रेन चलाने की घोषणा हुई है। लेकिन गर्मी की छुट्टी में यात्रियों को इस ट्रेनों का लाभ मिलता नहीं दिख रहा।

नई ट्रेनों को शुरू करने के बारे में बिलासपुर जोन को अब तक कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि एक अप्रैल से घोषणाओं पर अमल करने का काम शुरू होने की बात कही गई है। इस दौरान समर स्पेशल ट्रेनों को चलाकर भीड़ पर नियंत्रण करने की तैयारी चल रही है। नई ट्रेनों का अभी रूट चार्ट भी जारी नहीं हुआ है।

रूट चार्ट जारी होने के साथ ही समय अवधि को भी लागू किया जाएगा। इन वजहों से नई ट्रेनों के परिचालन में अभी देरी होगी।

नई ट्रेनों से यात्रियों को उम्मीद

नई ट्रेनों की घोषणा में बिलासपुर रेलवे जोन को चार नई ट्रेनों की सौगात मिली है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग से ट्रेनों को चलाया जाएगा। रायपुर से जम्मूतवी तक जाने के लिए एक साप्ताहिक ट्रेन चलेगी, जो अमृतसर होकर जाएगी। इससे राजधानीवासियों को जम्मू के साथ ही अमृतसर के लिए भी एक सीधी ट्रेन मिल गई है। इसी तरह दुर्ग से छपरा के लिए एक नई साप्ताहिक ट्रेन चलेगी।

इलाहाबाद, वाराणसी होते हुए छपरा तक जाने वाले रेल यात्रियों को इस ट्रेन से काफी राहत मिलेगी। इस ट्रेन का महत्व इससे भी है कि दुर्ग से छपरा तक चलने वाली नियमित सारनाथ एक्सप्रेस को गोंदिया से मुजफ्फरपुर तक विस्तार दिया गया है। इसके कारण प्रदेश के सैकड़ों रेल यात्री प्रभावित हो रहे थे। इसका विरोध भी व्यापक स्तर पर किया गया था। बिलासपुर से जोधपुर और बीकानेर के लिए दो ट्रेनें सप्ताह में दो दिन चलाने की घोषणा की गई है। हालांकि यह ट्रेन रायपुर होकर नहीं जाएगी।

पांच अप्रैल से चलाई जाएगी पुरी-शिरडी समर स्पेशल

ट्रेनों में बढ़ रही भीड़ और गर्मी की छुट्टियों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। सबसे पहले 5 अप्रैल से पुरी-साईं नगर शिरडी एक्सप्रेस चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को पुरी और प्रत्येक रविवार को शिरडी से चलेगी। 02746 गाड़ी पुरी से 03 अप्रैल से 28 जून तक प्रति शुक्रवार 13 ट्रिप और 02745 साईं नगर शिरडी से प्रति रविवार 7 अप्रैल से 30 जून तक 13 ट्रिप चलेगी। इसमें 2 एसएलआर, 06 सामान्य, 9 स्लीपर, 2 एसी-3, 1 एसी-2  सहित कुल 20 कोच रहेंगे। भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों को अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही अन्य रूट पर भी समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की जाएगी।