Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Aug 09, 2013 - 23:59:23 PM


Title - नई ट्रेन के पटरी पर उतरने से पहले अड़ंगा
Posted by : riteshexpert on Aug 09, 2013 - 23:59:23 PM

अंबाला-दिल्ली वाया सहारनपुर नई ट्रेन के पटरी पर उतरने से पहले ही अड़ंगा पड़ गया। नई दिल्ली से रेल दौड़ने के समय में केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा बदलाव चाहती हैं, लेकिन रेलवे ने इंकार कर दिया। अब 9 अगस्त को केंद्रीय मंत्री सैलजा नई रेल को हरी झंडी नहीं दिखाएंगी। समय में बदलाव को लेकर उपजे विवाद कारण मुसाफिरों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, अंबाला-दिल्ली वाया यमुनानगर, सहारनपुर के लिए 9 अगस्त को अंबाला से नई ट्रेन पटरी पर उतरनी थी। अपने लोकसभा क्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर वासियों की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने रेल मंत्री रहे पवन बंसल से इस रूट पर ट्रेन दौड़ाने की मांग की थी। बंसल ने नई ट्रेन चलाने की हरी झंडी दे दी, जिसके बाद टाइम टेबल में ट्रेन उतर गई। रेलवे के टाइम टेबल मुताबिक, अंबाला से नई ट्रेन सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर और दिल्ली से दोपहर करीब डेढ़ बजे वापस चलने का समय दिया गया है। लेकिन, रेलवे के टाइम टेबल से केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा नाखुश हैं। केंद्रीय मंत्री चाहती हैं कि दिल्ली से ट्रेन शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे के बीच दौड़े ताकि अंबाला, यमुनानगर या फिर चंडीगढ़ के लोग दिल्ली अपने काम कर शाम को इसी ट्रेन से लौट आएं। केंद्रीय मंत्री ने रेल मंत्री को इस बारे में पत्र लिखा, लेकिन अभी तक समय में बदलाव नहीं किया गया। हालांकि, 9 अगस्त को रेलगाड़ी को अंबाला से हरी झंडी देकर रवाना करने का कार्यक्रम तय था। नई रेलगाड़ी का रैक भी अंबाला यार्ड में आकर खड़ा हो चुका है। अंबाला आगमन पर केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा से अंबाला मंडल के अधिकारी भी मिले थे। लेकिन, अब समय का अड़ंगा आने कारण उद्घाटन की तिथि में बदलाव कर दिया गया है। अब रेल कब दौड़ेगी, इस बारे में कोई अधिकारी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। सिर्फ अंबाला मंडल ने इस बारे उत्तर रेलवे स्थित मुख्यालय को टाइम के अड़ंगे से अवगत करवा दिया है।
इसी माह अंबाला पहुंचीं केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने लोगों को इस नई ट्रेन के उद्घाटन से अवगत करवाया था। 9 अगस्त को ट्रेन को हरी झंडी देनी की बात कही गई थी।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम)
एसके कठपाल ने माना कि 9 अगस्त को नई रेलगाड़ी नहीं दौड़ाई जा रही। उनका कहना है कि तकनीकी कारणों के कारण रेल नहीं चल रही, जिस बारे में मुख्यालय को अवगत करवा दिया है। इस रेल का रैक आ चुका है, रेल चली तो ठीक अन्यथा रैक दिल्ली भेज दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के ओएसडी आरएस पुनिया ने माना कि दिल्ली से रेल दौड़ने के समय में बदलाव के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि सायं साढ़े पांच से साढ़े छह के बीच रेल दौड़े ताकि लोग दिल्ली काम कर लौट सके। उन्होंने माना कि अब 9 को उद्घाटन नहीं होगा, लेकिन जल्द रेल दौड़ने की तारीख तय होगी।