Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Oct 09, 2012 - 03:00:17 AM


Title - दो ट्रेनें आमने-सामने, बड़ा हादसा टला
Posted by : nikhilndls on Oct 09, 2012 - 03:00:17 AM

वाराणसी। कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर शनिवार की रात पेट्रोलिंग कर रहे दो आरपीएफ जवानों की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनों को आमने-सामने आते देख दोनों जवान तेज आवाज में चालकों को आगाह करने लगे। खतरा भांपकर पैसेंजर ट्रेन के ड्राइवर ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर गाड़ी रोक दी। इसके बाद उसी ट्रैक पर आ रही एक्सप्रेस ट्रेन के चालक ने भी गाड़ी रोक दी। सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
रात 2: 30 बजे गोरखपुर-मंडुआडीह पैसेंजर ट्रेन कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार से मंडुआडीह जा रही थी। इसी दौरान वाराणसी से उधना (गुजरात) को जाने वाली उधना एक्सप्रेस यार्ड से प्लेटफार्म नंबर चार के लिए रवाना हुई और क्रासिंग प्वाइंट पार कर गई। तभी पेट्रोलिंग कर रहे आरपीएफ जवान राधेश्याम त्रिपाठी और वीरेंद्र प्रताप सिंह की नजर दोनों ट्रेनों पर पड़ गई। जवानों ने तेज आवाज लगाकर और टार्च जलाकर दोनों चालकों को गाड़ी रोकने का संकेत दिया। मंडुआडीह पैसेंजर ट्रेन के चालक ने किसी अनहोनी की आशंका से आपातकालीन ब्रेक लगाकर गाड़ी रोक दी। उधर वाकी टाकी से सूचना मिलते ही उधना एक्सप्रेस के चालक ने भी ट्रेन रोक दी। रेल सूत्रों के मुताबिक ट्रेनें एक ट्रैक पर न आएं इसके लिए क्रासिंग प्वाइंट पर शंटिंग लाक होता है और संकेतक लगाया जाता है। लेकिन, घटना के समय ये दोनों नहीं लगाए गए थे। यही वजह है कि उधना एक्सप्रेस क्रासिंग प्वाइंट पार कर गई। स्टेशन प्रबंधक एके पांडेय का कहना है कि गड़बड़ी कहां से हुई इसकी जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।