Indian Railways News => Topic started by Mafia on Mar 07, 2013 - 15:01:08 PM


Title - दो घंटे तक छात्रों के कब्जे में रहा बेगूसराय स्टेशन
Posted by : Mafia on Mar 07, 2013 - 15:01:08 PM

बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर सभी ट्रेनों का ठहराव करने, विवि मुख्यालय दरभंगा तक दैनिक एक्सप्रेस चलाने, लाखो-मोकामा सवारी गाड़ी का पुर्न परिचालन शुरू करने, बजट में स्वीकृत बेगूसराय को माडल स्टेशन के रूप में शीघ्र विकसित करने, आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमा बिना शर्त वापस लेने आदि मुद्दे को लेकर एआइएसएफ कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार आंदोलन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के कारण रेल प्रशासन द्वारा व्यापक प्रशासनिक तैयारी की गई थी। बावजूद इसके कार्यकर्ता बेगूसराय स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को रोकने में सफल रहे। अप जनसेवा एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर-एक पर पहुंचते ही झंडा-बैनर लिये दर्जनों कार्यकर्ता इंजन पर कब्जा कर नारेबाजी करने लगे। इसी बीच डाउन लाइन पर आ रही महानंदा एक्सप्रेस को प्लेटफार्म पर रूकने से पूर्व ही रोक कर उस पर भी सवार होकर नारेबाजी करने लगे। इसके कारण लाखो स्टेशन पर जहां अप महानंदा एक्सप्रेस रुकी रही, वहीं गरीब नवाज समेत कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन अस्त-व्यस्त रहा।इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मची रही। इधर, एआइएसएफ नेताओं ने आंदोलन की जानकारी भाकपा संसदीय दल के नेता सह एटक महासचिव गुरुदास दास गुप्ता को दी। इसके बाद श्री गुप्ता ने दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनय मित्ताल से बातचीत की। श्री मित्ताल द्वारा मांगों के संबंध में त्वरित कार्रवाई के आश्वासन की जानकारी मिलने के बाद एआइएसएफ कार्यकर्ताओं ने जाम समाप्त कर दिया तथा दो घंटे बाद परिचालन शुरू हो सका।

इधर, एआइएसएफ के नेताओं ने कहा कि, अगर मांगें पूरी नहीं हुई, तो 23 मार्च को डीएम के समक्ष आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया जायेगा। आंदोलन का नेतृत्व एआइएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अभिनव कुमार अकेला, अनिल कुमार अंजान, जिलाध्यक्ष अमीन हमजा, जिला सचिव रूपक कुमार, किशोर, इकबाल, अमित, रामकृष्ण, मुकेश, धर्मेन्द्र, तारिक, राधे, सचिन, सद्दाम, विक्की, उमेश, सत्यनारायण, भोला, बनारसी आदि कर रहे थे।