Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jul 31, 2013 - 16:00:04 PM


Title - देश का सबसे लंबा रेलवे पुल
Posted by : RailXpert on Jul 31, 2013 - 16:00:04 PM

भारत के पूर्वोत्तर इलाके में ब्रहृमपुत्र नद पर देश का सबसे लंबा रेलवे पुल बनाया जा रहा है. दरअसल, असम के डिब्रूगढ़ जिले में असम और अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर तकरीबन 5 किमी लंबा यह रेल-सह-सड़क पुल बनाया जा रहा है. भारत सरकार ने वर्ष 1997-98 में इस पुल के निर्माण की मंजूरी दे दी थी, लेकिन 21 अप्रैल, 2002 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा इसके शिलान्यास के पश्चात ही इसका कार्य आरंभ हुआ था.

शुरुआत में इसके निर्माण की गति धीमी रही, लेकिन 2007 में राष्ट्रीय महत्व की परियोजना का दर्जा दिये जाने के बाद इसके निर्माण कार्य में तेजी आयी. इसकी लागत का 75 फीसदी रकम वित्त मंत्रलय और शेष रकम रेल मंत्रलय मुहैया करायेगी. इस पुल की लागत शुरुआत में 1,767 करोड़ रुपये बतायी गयी थी, जिसके संभवत: 2015 में निर्माण कार्य संपन्न होने तक चार हजार करोड़ रुपये पहुंच जाने की संभावना जतायी गयी है. इस पुल में कुल 42 पिलर बनाये गये हैं, जिन पर 125 मीटर लंबे स्टील के बने हुए स्पैन डाले जा रहे हैं. इसे पूरी तरह से स्टील और कंक्रीट के ढांचे से तैयार किया जा रहा है.

इस पुल के निचले हिस्से में रेलवे की दो लाइनें और ऊपरी हिस्से में तीन लेन की सड़क होगी. इस पुल को रेल लिंक से जोड़ने के लिए इसके दोनों तरफ रेल लाइन बिछायी जा रही है. इसमें दक्षिणी किनारे का अधिकांश रेल लिंक तैयार हो चुका है. इस पुल का प्रारंभिक निर्माण अध्ययन और विस्तृत डिजाइन का कार्य रेल इंडिया टेक्नीकल एंड इंजीनियरिंग सर्विसेज ने किया, जबकि इसका ढांचा गैमन इंडिया द्वारा तैयार किया जा रहा है.