Indian Railways News => Topic started by greatindian on Aug 08, 2013 - 20:59:18 PM


Title - दूसरे दिन भी बंद रहा ऊधमपुर-जम्मू रेल सेक्शन
Posted by : greatindian on Aug 08, 2013 - 20:59:18 PM

दरसू में भूस्खलन से रेलवे टनल क्षतिग्रस्त होने के कारण ऊधमपुर-जम्मू रेल सेक्शन दूसरे भी बंद रहा। टनल में गिरे मलबे में फंसे मालवा एक्सप्रेस की पावर (इंजन) को निकालने का प्रयास दूसरे दिन रात नौ बजे तक जारी रहा। बुधवार को मौके पर पहुंचे उत्तरी रेलवे के प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर की देखरेख में जारी मलबा हटाने के काम कर रहे जेसीबी मशीनों और मजदूरों की मदद से अब तक टनल में गिरा 70 फीसद मलबा हटाया गया है। रेलवे अधिकारी देर रात तक टनल में फंसी पॉवर को निकालने के बाद वीरवार दोपहर तक ऊधमपुर-जम्मू रेल सेक्शन पर परिचालन शुरू होने की उम्मीद जता रहे हैं।
गौरतलब है कि दरसू इलाके में सड़क किनारे भूस्खलन के कारण 1200 क्यूबिक मीटर गंदगी व मलबा टनल पर गिरने से जम्मू-ऊधमपुर रेल सेक्शन की कट एंड कवर टनल नंबर 16 का 20 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के कुछ ही मिनट बाद टनल में पहुंची मालवा एक्सप्रेस मलबे से टकरा कर फंस गई। बोगियों में सवार यात्रियों को कुछ ही घंटों में निकालने के बाद बोगियों को भी निकाल लिया गया था।
इसके बाद से रेलवे टनल में फंसे इंजन को निकालने में जुटा रहा, लेकिन हर संभव प्रयास करने के बावजूद इंजन बुधवार रात नौ बजे तक नहीं निकल पाया था। बताया जा रहा है कि इंजन मलबे में मौजूद बड़े पत्थरों के बीच फंसने के कारण हिल नहीं पा रहा। इसके चलते वाइब्रेटर की मदद से इन बड़े पत्थरों को तोड़ा जा रहा है। रात नौ बजे तक यह काम जारी था।
उधर, रेलवे ने मलबा हटाने के लिए प्रभावित क्षेत्र में चार जेसीबी मशीनों के अलावा कठुआ, ऊधमपुर, जम्मू के अलावा फिरोजपुर डिविजन के अन्य हिस्सों से अपने करीब 250 से ज्यादा मजदूरों को यहां बुला कर मलबा हटाने व इंजन को निकालने के काम लगाया है। उत्तर रेलवे के प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर भी बुधवार सुबह मौके पर पहुंच गए। उनके साथ फिरोजपुर के डीआरएम मलबा हटाने व इंजन को बाहर निकालने के काम की निगरानी कर रहे हैं।
डीआरएम फिरोजपुर एनसी गोयल ने कहा कि इंजन को निकालने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। अगले दो से तीन घंटों में इंजन को बाहर निकाल लिए जाने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि टनल में गिरा 70 फीसद मलबा हटा दिया गया है। जम्मू-ऊधमपुर रेल सेक्शन पर वीरवार दोपहर बाद तक रेल परिचालन शुरू कर दिए जाने की संभावना है।
वहीं, टनल में लगे गंदगी के अंबार से उठ रही असहनीय दुर्गध में फंसे मालवा एक्सप्रेस के इंजन को निकालने में लगे रेल मजदूर व कर्मचारी अधिक देर तक अंदर नहीं टिक पा रहे। 20 मिनट से आधे घंटे तक ही काम करने पर दुर्गध के कारण उनको उल्टियां हो रही है।
ऊधमपुर की ओर जाने वाले ट्रेनों को बजालता रेलवे स्टेशन तक रवाना किया गया है। वहां से बसों में बैठ कर अपने गंतव्य ऊधमपुर की ओर रवाना होंगे। वहीं, गत मंगलवार को रद हुई मालवा एक्सप्रेस को बुधवार को जम्मू से रवाना किया गया। उधर, ऊधमपुर से चलने वाली ट्रेनों की साफ सफाई तथा उन्हें यार्ड में खड़ा करना स्थान उपलब्ध करवाने के लिए रेलवे प्रबंधन को खूब मशक्कत करनी पड़ी। रेलवे कर्मचारी ओवर टाइम ड्यूटी कर सभी ट्रेनों को समय पर रवाना कर रहे हैं।