Indian Railways News => Topic started by greatindian on Aug 01, 2013 - 23:59:42 PM


Title - दुरंतो में अब नहीं मिलेगी स्वास्थ्य सुविधाएं
Posted by : greatindian on Aug 01, 2013 - 23:59:42 PM

ट्रेन में यात्रा करने वालों के लिए एक बुरी खबर है. दुरंतो एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले मुसाफिरों को अब मेडिकल किट लेकर चलना होगा, क्योंकि उत्तर रेलवे ने दुरंतो एक्सप्रेस में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाएं खत्म कर दी हैं. डॉक्‍टरों की टीम को ट्रेन से हटा दिया गया है. ऐसे में यात्रियों को स्वास्थ्य की देखभाल खुद करनी होगी.उत्तर रेलवे के सीपीआरओ नीरज शर्मा ने बताया कि उत्तर रेलवे की पांच दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेनों में मेडिकल टीम की तैनाती 2009 में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हुई थी. यात्रियों को इमरजेंसी मेडिकल सुविधा के लिए एक-एक डाक्टर और उनके साथ एक-मेडिकल पैरा स्टाफ की नियुक्ति हुई थी. तब से हर साल रेलवे बोर्ड से इस योजना को साल दर साल एक-एक साल के लिए आगे बढ़ाया जा रहा था. इस साल प्रोजेक्ट के एक्सटेंशन की अनुमति न मिल पाने से 26 मई से योजना को बंद कर दिया गया.

गौरतलब है कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर यह योजना शुरू की गई थी. कुछ समय तक ट्रेनों में रेलवे के डॉक्टर चलते थे. इसके बाद इसे निजी हाथों में सौंप दिया गया. उसके बाद शिकायतें ज्यादा आ रही थीं. रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक दुरंतो में अभी वैकल्पिक मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है. हालांकि रेलवे दुरंतो के हर कोच में फर्स्‍ट एड बॉक्स लगाने की योजना बना रहा है.


और भी... http://aajtak.intoday.in/story/duronto-passenges-not-to-get-health-facility-1-737900.html