Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Sep 10, 2012 - 12:00:16 PM


Title - थोड़ा इंतजार...और रेलवे की इमारत तैयार
Posted by : riteshexpert on Sep 10, 2012 - 12:00:16 PM

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन परिसर में मल्टी फंक्शनल कॉम्पलेक्स शुरू होने में अभी पांच माह और लगेंगे। 3.10 करोड़ की लागत के इस कॉम्पलेक्स का दिसंबर तक निर्माण पूरा हो जाएगा और फरवरी से इसका संचालन होने लगेगा। इस कॉम्पलेक्स में रहने के लिए कमरे, रेस्टोरेंट, दवा, जनरल स्टोर एवं साइबर कैफे आदि की सुविधाएं रहेंगी।

प्लेटफार्म नंबर एक के सर्कुलेटिंग एरिया में बन रहे मल्टी फंक्शनल कॉम्पलेक्स में इन दिनों फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसकी इमारत की डिजाइन कुछ ऐसी होगी, जिससे यात्रियों को यह स्टेशन का हिस्सा नजर आए। इसके ऊपर छोटे-छोटे बुर्ज लगाए जाएंगे जो इस ऐतिहासिक शहर की झलक पेश करेंगे। फिनिशिंग का काम पूरा होने के बाद इसके संचालन के लिए टेंडर मंगाए जाएंगे। संचालन का अनुबंध लंबी अवधि के लिए होगा। मल्टी फंक्शनल कॉम्पलेक्स देश के 22 रेलवे स्टेशन परिसर में बनाया जा रहा है।

देर होने से दो वर्ष पिछड़ा काम

मल्टी फंक्शनल कॉम्पलेक्स का निर्माण वर्ष 2010 में शुरू किया गया था। इसे मार्च 2011 में पूरा किया जाना था, लेकिन नगर निगम से भवन निर्माण, वृक्ष काटने व होर्डिग हटाने की स्वीकृति मिलने में देर होने से काम पिछड़ गया।

पहले 15 कमरों का ही प्रस्ताव था

निर्माण शुरू होने से पहले कॉम्पलेक्स में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर व फस्र्ट फ्लोर तक ही निर्माण होना था, इसमें यात्रियों के लिए मात्र 15 कमरों के निर्माण का प्रस्ताव था। उस समय इसकी निर्माण लागत 2.36 करोड़ थी, जिसमें 70 लाख रुपए की वृद्धि की गई। दो फ्लोर बढ़ जाने के कारण 30 अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया गया है।