Indian Railways News => Topic started by railgenie on Oct 17, 2012 - 15:00:58 PM


Title - डबल डेकर : डिजाइन के कारण हो रही देरी
Posted by : railgenie on Oct 17, 2012 - 15:00:58 PM

भोपाल। हबीबगंज से इंदौर के बीच प्रस्तावित डबल डेकर ट्रेन का पूरा रैक दिसंबर अंत तक भोपाल पहुंच जाएगा। इसके बाद डबल  डेकर ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। डिजाइन में बदलाव किए जाने के कारण कोच बनने में देरी हो रही है। नई डिजाइन के तहत अब कोचों की चौड़ाई को तीन इंच कम किया गया है। ऐसा होने पर कोच टर्निंग के खंभों और कर्व वाले प्लेटफॉर्म से नहीं टकराएंगे। इस नई डिजाइन के अनुरूप चार कोच बनकर तैयार हो चुके हैं। ट्रेन में कुल १२ कोच होंगे।

गौरतलब है कि जब हावड़ा-धनबाद के बीच डबल डेकर ट्रेन चलाई गई तो कोच कर्व वाले प्लेटफॉर्म व मोड़ों पर नजदीक के खंभों से टकराने की समस्या पेश आई थी।  इसके बाद कपूरथला स्थित रेलवे कोच फैक्टरी में नए कोच के निर्माण के लिए कवायद शुरू की गई।

128 की जगह होंगी 120 सीट

चौड़ाई कम करने से डबल डेकर के हर कोच में सीटों की संख्या कम हो गई है। अब प्रत्येक कोच में 128 की बजाय 120 सीटें रहेंगी। ये सीटें एडजस्टेबल होंगी और आसानी से आगे-पीछे की जा सकेंगी। इन सीटों में स्पेन से मंगाए गए ऐसे कपड़े का उपयोग किया जा रहा है, जो गर्मी में न अधिक गर्म होता है और न सर्दी में अधिक ठंडा।

दिसंबर अंत तक हो जाएंगे तैयार

डबल डेकर ट्रेन के चार कोच तैयार हो चुके हैं। दिसंबर अंत तक हर हाल में पूरा रैक तैयार कर लिया जाएगा।
- रजनीश बंसल, सीपीआरओ, रेलवे कोच फैक्टरी, कपूरथला