Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 20, 2013 - 17:57:22 PM


Title - ट्रैक पर बुझ रही जिंदगी की 'लौ'
Posted by : nikhilndls on Aug 20, 2013 - 17:57:22 PM

कहीं लोग जानबूझकर रेलवे ट्रैक से होकर गुजरते हैं तो कहीं मजबूरी में ऐसा कर रहे हैं, लेकिन दोनों ही स्थिति खतरनाक हैं। गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गलत ढंग से रेलवे ट्रैक पार करने में दिल्ली रेल मंडल में पिछले सात माह में 575 लोगों की जान चली गई, बावजूद इसके न तो लोग बाज आ रहे हैं और न ही रेल प्रशासन समस्या को लेकर गंभीर है।
जानते सभी हैं कि रेलवे ट्रैक पार करना अपराध ही नहीं जानलेवा भी है। मगर सजगता देखिए दिल्ली मंडल में तीन लोग प्रतिदिन रेल से कट रहे हैं। मगर लोग सुधरने को तैयार नहीं।
एक वर्ष में हुई 5154 लोगों के खिलाफ कार्रवाई : गत वर्ष एक अगस्त से इस वर्ष 31 जुलाई तक आरपीएफ ने अभियान चलाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे 5154 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार ट्रैक पार करना कानूनी अपराध है। ऐसा करते पाए जाने वालों को पकड़कर रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाता है, जहां उन्हें अधिकतम एक हजार रुपये तक जुर्माना या छह माह तक की कैद की सजा हो सकती है।
राजधानी दिल्ली में भी ट्रैक पर जा रही है जान
रेलवे ट्रैक पर लोगों की जान जाने की वजह रेलवे की लापरवाही भी है। दिल्ली रेल मंडल में 170 ऐसी क्रॉसिंग हैं, जहां फाटक पर कर्मचारी तैनात नहीं हैं। इसी तरह से कई जगह पर रेल ओवरब्रिज नहीं होने की मजबूरी में लोग रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर हैं। आनंद विहार मेगा टर्मिनल से ओल्ड आनंद विहार रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए आज तक सब वे नहीं बन पाया है। मजबूरन लोग रेलवे ट्रैक से होकर एक से दूसरे स्टेशन पहुंचते हैं। जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी तरह से दिल्ली के हरकेश नगर के लोगों को मथुरा रोड पर आने के लिए दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक को पार करना पड़ता है और कई लोगों की जान चली जाती है। सूचना के अधिकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिकेश नगर में प्रति माह औसतन छह लोगों की मौत ट्रैक पर हो रही है।
बिना कर्मचारी वाले रेलवे फाटकों का विवरण
शकूरबस्ती-बठिंडा रेल खंड- 33
गाजियाबाद-सहारनपुर रेल खंड-2
दिल्ली शाहदरा-शामली-टपरी रेल खंड- 68
दिल्ली कैंट-रेवाड़ी रेल खंड-2
नरवाना-कुरुक्षेत्र रेल खंड- 37
जींद-पानीपत रेल खंड- 28
आनंद विहार टर्मिनल व आनंद विहाररेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए सब-वे बनाने तथा हरिकेश नगर में आरओबी बनाने की प्रक्रिया चल रही है। रेलवे ट्रैक पार करना अपराध है तथा ऐसा ऐसा करने वालों के खिलाफ आरपीएफ द्वारा कार्रवाई की जाती है। इसके साथ हीं स्कूलों, गांवों, क्रॉसिंग पर तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक कर, पोस्टर लगाकर तथा अन्य माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जाता है।
अजय माइकल, जनसंपर्क अधिकारी दिल्ली रेल मंडल