Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Sep 01, 2013 - 23:56:57 PM


Title - ट्रैक पर दौड़ी एक और लालकुआं पैसेंजर ट्रेन
Posted by : riteshexpert on Sep 01, 2013 - 23:56:57 PM

इज्जतनगर रेल मंडल के बरेली-लालकुआं रेलखंड पर शनिवार को एक और लालकुआं पैसेंजर ट्रेन दौड़ी। नई पैसेंजर ट्रेन 55352 को सुबह 09:10 बजे लालकुआं स्टेशन से नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद केसी सिंह बाबा ने डीआरएम उमेश सिंह की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर बरेली के लिए रवाना किया।
ट्रेन पंतनगर, किच्छा, बहेड़ी, रिछा रोड हाल्ट, देवरनियां, आटामांडा हाल्ट, भोजीपुरा और दोहना स्टेशनों पर रुकने के बाद दो मिनट की देरी से 11:20 बजे इज्जतनगर स्टेशन पहुंची। इज्जतनगर में कांग्रेसी सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। चालक अशोक कुमार और सहायक चालक गौरव कुमार इज्जतनगर से 12 मिनट की देरी से रवाना होने के बाद भी सिटी स्टेशन पर तय समयानुसार 11:40 बजे ट्रेन लेकर पहुंचे। सिटी स्टेशन से दोपहर दो बजे स्टेशन अधीक्षक एके सिंह ने हरी झंडी दिखाकर पैसेंजर ट्रेन 55351 को रवाना किया। ट्रेन के चालक मयंक तिवारी और गार्ड एके सक्सेना ने पहले ही दिन महिला कोच में सवार पुरुष यात्रियों की शिकायत की। इस पर पुलिस के सहयोग से एसएस ने महिला कोच से यात्री उतारे। रेलखंड की चौथी नई ट्रेन में पहले दिन 1610 यात्रियों ने सफर किया। इससे पूर्व बहेड़ी स्टेशन पर कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सलीम अख्तर ने तमाम लोगों की मौजूदगी में ट्रेन का स्वागत किया। समारोह में एडीआरएम सोमेश कुमार, सीनियर डीएमई कैरिज एंड वैगन राहुल गोसाई, आरपीएफ के एएससी विपिन कुमार सक्सेना, इंस्पेक्टर आरके सिंह, स्टेशन अधीक्षक राकेश्वर दयाल समेत तमाम लोग मौजूद थे।
जल्द काठगोदाम को चलेगी नई ट्रेन: ऐरन
बरेली लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने स्वागत समारोह में जल्द ही एक और नई ट्रेन का परिचालन काठगोदाम तक कराने का आश्वासन दिया। पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने व्यापारियों और गरीब यात्रियों की जरुरत के लिहाज से ट्रेन परिचालन जरुरी बताया। जिलाध्यक्ष रामदेव पांडे, चौधरी असलम, इकबाल सिंह वाले, सुरेंद्र पांडेय, प्रेमप्रकाश अग्रवाल ने नई ट्रेन परिचालन पर सांसद की तारीफ की। डा. मो.खालिद, अनुज गंगवार, महेश पंडित, त्रिभुवन शर्मा, मोनू पांडे ने सांसद की उपलब्धियों को लोगों के बीच रखा।