Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Jun 29, 2013 - 18:01:00 PM


Title - ट्रेन के डिब्बों में लगेगी जीपीएस डिवाइस
Posted by : eabhi200k on Jun 29, 2013 - 18:01:00 PM

प्रतापगढ़। ट्रेन के डिब्बों से स्टेशन की जानकारी करने के लिए अब ताकझांक करने की जरूरत नहीं होगी। स्टेशन का नाम यात्रियों को ट्रेन के अंदर ही पता चल जाएगा। इसके लिए ट्रेन के डिब्बों में इलेक्ट्रानिक डिवाइस लगाने की तैयारी चल रही है। यही नहीं डिब्बे में एनाउंसमेंट की भी व्यवस्था किए जाने की तैयारी है।
ट्रेन पर बैठे यात्री रास्ते में पड़ने वाले सभी स्टेशनों का नाम जानना चाहते हैं। इससे वे गंतव्य स्थल की दूरी का हिसाब किताब लगाते रहते हैं। ट्रेन जब भी किसी स्टेशन पर रुकने लगती है तो यात्री खिड़कियों से झांकते हैं। यही नहीं इमरजेंसी खिड़की से तो लोग सिर निकालकर स्टेशन का नाम पढ़ने का प्रयास करते हैं। इसके साथ ही दरवाजों पर भी कुछ लोग आकर खड़े हो जाते हैं। ऐसे में यात्रियों के साथ दुर्घटना होने के चांस तो बनते ही हैं। ट्रेन में सवार होने वाले यात्रियों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। दुर्घटनाओं से बचाने और यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे डिब्बे में ही अब इलेक्ट्रानिक डिवाइस लगाने की व्यवस्था कर रहा है। इससे अब बर्थ पर बैठे-बैठे ही यात्री किस स्टेशन पर पहुंचे हैं इसका पता चल जाएगा। यही नहीं डिब्बों में स्पीकर लगवाए जाएंगे। इनके माध्यम से यात्रियों को यह बताया जाता रहेगा कि वे किस स्टेशन पर पहुंचने वाले हैं। स्टेशन पहुंचने के पहले यात्रियों को स्टेशन पर गाड़ी रुकने और उतरने के लिए सजग रहने के लिए कह दिया जाएगा।
स्टेशन से चार मेल और तीन लोकल ट्रेनें चलती हैं। इनमें उद्योग नगरी, पद्मावत, भोपाल एक्सप्रेस व भोपाल सुपरफास्ट के साथ ही प्रतापगढ़-लखनऊ शटल, प्रतापगढ़ कानपुर इंटरसिटी व प्रतापगढ़ वाराणसी पैसेंजर ट्रेनें हैं। लखनऊ से मांगे गए निर्देश के मुताबिक सभी ट्रेनों में लगने वाले डिब्बों की लगभग संख्या और उनके रूट की सूचना दे दी गई है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इन ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
सीडीओ दिनेश यादव ने बताया कि लखनऊ डीआरएम आफिस से ट्रेनों की सूचना मांगी गई थी जो दे दी गई है। जैसा भी निर्देश इस बारे में मिलेगा उस पर अमल किया जाएगा।