Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 04, 2013 - 18:00:45 PM


Title - टोकन कम क्यू मैनेजमेंट सिस्टम: अब कुर्सी पर बैठकर कटाएं रेलवे टिकट
Posted by : railgenie on Sep 04, 2013 - 18:00:45 PM

रांची. अब रांची रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर टिकट के लिए लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रांची रेल मंडल एक सप्ताह में रांची स्टेशन बुकिंग सेंटर से टोकन कम क्यू मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत करने जा रही है। इसके लिए एक टोकन मशीन के साथ डिजिटल डिस्प्ले भी बुकिंग सेंटर पर इंस्टॉल कर दी गई है। इस सर्विस के शुरू होने के बाद यात्रियों को काफी सहुलियत होगी। टोकन लेने के बाद वो आराम से कुर्सी पर बैठकर अपने नंबर आने का इंतजार करते दिखेंगे। साथ ही समय की बचत भी होगी।

बुकिंग सेंटर में एक टोकन डिस्पेंसर मशीन लगाई गई है। इसमें चार बटन हैं। पहला बटन रिजर्वेशन, दूसरा कैंसिलेशन, तीसरा तत्काल और चौथा बटन प्रिविलेज सर्विस के लिए है। जरूरत के अनुसार बटन दबाने पर एक टोकन निकलेगा, जिसमें नंबर लिखा होगा। यही टोकन नंबर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर काउंटर नंबर के साथ दिखेगा। उदाहरण के तौर पर अगर डिस्प्ले पर काउंटर नंबर दो नंबर काउंटर लिखा आता है, तो दो नंबर काउंटर पर टोकन लेकर जाना होगा। वहीं से टिकट कटेगा।

साउथ ईस्टर्न रेलवे का पहला स्टेशन

पूरे साउथ ईस्टर्न रेलवे में रांची रेलवे बुकिंग सेंटर में इस सर्विस की शुरुआत पहली बार होनी जा रही है। इस तरह रांची रेलवे स्टेशन साउथ ईस्टर्न रेलवे का पहला टोकन सर्विस देने वाला स्टेशन बन जाएगा। वर्तमान में मुंबई, बंगलुरू, नागपुर में यात्रियों को टोकन सर्विस का फायदा मिल रहा है। इस सर्विस को शुरू करने में 3.80 लाख रुपए खर्च आ रहा है। रांची की लॉ-विशन कंपनी मशीन लगाने का काम कर रही है। मशीन लगाने का काम 90 फीसदी तक पूरा हो चुका है।

लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी

टोकन कम क्यू मैनेजमेंट सिस्टम के शुरू हो जाने से यात्रियों को टिकट कटाने के लिए लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टोकन लेने के बाद यात्री आराम से कुर्सी पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकते हैं। बुजुर्ग व महिला यात्रियों को इसका अधिक लाभ मिलेगा। साथ ही टिकट दलालों पर भी रोक लगेगी।’

अर्जुन मजुमदार, एसीएम रांची रेल मंडल