Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jun 29, 2013 - 18:01:26 PM


Title - ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस की तरह अब और भी ट्रेनों पर भी गिर सकता है वैसा ही कहर!
Posted by : nikhilndls on Jun 29, 2013 - 18:01:26 PM

बिलासपुर. धनबाद-पटना एक्सप्रेस पर हुए नक्सली हमले के बाद रेलवे बोर्ड ने आरपीएफ को अलर्ट कर दिया है। खासकर खड़गपुर, चक्रधरपुर और नागपुर रेल मंडल के नक्सल प्रभावित इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। रेलवे के अलावा राज्य शासन के खुफिया विभाग ने भी संकेत दिए हैं कि नक्सली फिर से ट्रेनों को निशाना बना सकते हैं।

बिहार में धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस पर नक्सलियों द्वारा किए गए हमले के बाद रेलवे बोर्ड ने आरपीएफ को गोपनीय पत्र जारी किया है। 13 जून की इस घटना में आरपीएफ जवान शहीद हो गया था, साथ ही दो अन्य लोगों की मौत हो गई थी। रेलवे बोर्ड से जारी पत्र में कहा गया है कि नक्सली लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

खुफिया विभागों ने भी संकेत दिए हैं कि नक्सली आगे भी आम लोगों को निशाना बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए और खासकर यात्री ट्रेनों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। पत्र में सुरक्षा के उपायों की जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसकी पुख्ता प्लानिंग शुरू कर दी गई है। चक्रधरपुर मंडल में एहतियात के तौर पर यात्री ट्रेनों के आगे खाली इंजन रवाना करने की योजना है।