| Indian Railways News => | Topic started by riteshexpert on Jul 09, 2012 - 03:00:15 AM |
Title - जालंधर को फटकार, फगवाड़ा को पुरस्कारPosted by : riteshexpert on Jul 09, 2012 - 03:00:15 AM |
|
|
जालंधर : सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के ट्रैक का भाग्योदय होने का रास्ता साफ हो गया है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से वाशेबल एप्रेन बनाने का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद बंध गई है। डीआरएम एनसी गोयल ने सिटी रेलवे स्टेशन के दौरे के दौरान एप्रेन का काम शुरू करवाने की घोषणा की। पैसेंजर सेफ्टी मानकों को परखने के लिए डिवीजन के दौरे पर निकले डीआरएम ने सिटी रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बात की। उन्होंने लुधियाना, फिल्लौर, गोराया, फगवाड़ा, जालंधर कैंट व सिटी रेलवे स्टेशन के अलावा अमृतसर के रास्ते में आते कई स्टेशनों पर रुक कर विशेष चेकिंग की। सिटी रेलवे स्टेशन पर उन्होंने चालू टिकट पर ओवर चार्जिग को लेकर जांच करने के आदेश दिए। इससे पूर्व सिटी रेलवे स्टेशन पर पैर रखते ही प्लेटफार्म पर खड़े वाहनों को देखकर वह आग बबूला हो उठे। उन्होंने वाहन मालिक कर्मचारियों को जुर्माना करने के आदेश दिए। उन्होंने सिटी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म पर लगे बोर्डो को ऊंचा करने तथा डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिखरे पार्सलों पर आपत्ति करते हुए एजेंसियों व लीज होल्डरों को जुर्माने लगाने के आदेश दिए। इस दौरान ट्रैक के बीचों-बीच गंदे पानी से भरी नाली को देखकर वह भड़क गए और स्टाफ को लताड़ भी लगाई। गुपचुप ढंग से एक सप्ताह पूर्व किए गए निरीक्षण की बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस मामले में पांच से छह अधिकारियों को चार्जशीट व कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं निरीक्षण के दौरान फगवाड़ा रेलवे स्टेशन की सफाई को देखकर वह गद्गद् हो उठे और आईओडब्ल्यू को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। इस दौरान सीनियर डीसीएम मोर मुकुट सिंह मीणा व सी. डीओएम कर्ण सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे। उधर, रेलवे के ट्रेनिंग स्कूल में सेफ्टी को लेकर सेमिनार भी करवाया गया। |