Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Jun 19, 2013 - 18:01:52 PM


Title - जांच शुरू, फुल ट्रॉयल आज
Posted by : eabhi200k on Jun 19, 2013 - 18:01:52 PM

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 25 जून को काजीगुंड-बनिहाल रेल सेक्शन के संभावित उद्घाटन से पहले मंगलवार को कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) आरके करदम ने सेक्शन की जांच शुरू की। दो दिवसीय जांच के पहले दिन सीआरएस ने रेल ट्राली पर काजीगुंड से बनिहाल रेल सेक्शन तक का सफर तय किया। बुधवार को इस सेक्शन पर इंजन युक्त आठ कोच वाली ट्रेन के साथ फुल ट्रेन रनिंग ट्रॉयल होगा।
सूत्रों के अनुसार, सीआरएस सुबह 11:50 बजे हवाई जहाज से श्रीनगर पहुंचे और सड़क मार्ग से सीधे काजीगुंड रवाना हो गए। दोपहर करीब ढाई बजे वह रेलवे के अन्य अधिकारियों के साथ मोटरयुक्त रेल ट्राली पर बैठकर काजीगुंड सेरवाना हुए और रात करीब साढ़े आठ बजे बनिहाल पहुंचे। पांच घंटे की अपनी जांच के दौरान उन्होंने पूरे सेक्शन के साथ रेलवे ट्रैक व अन्य तकनीकी चीजों की भी जांच की। बुधवार को सीआरएस रेलवे स्टाफ के साथ फुल ट्रेन रनिंग ट्रायल करेंगे। इस दौरान यह भी देखा जाएगा कि इस सेक्शन पर ट्रेन अधिकतम किस गति सीमा पर चल सकती है। संभावना जताई जा रही है कि फुल ट्रॉयल बनिहाल से काजीगुंड की ओर किया जाएगा। इंस्पेक्शन के बाद सीआरएस अपनी रिपोर्ट रेलवे को सौंपेंगे। सीआरएस की रिपोर्ट को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, उनकी मुहर के बाद ही सेक्शन पर रेल यातायात चल सकेगा।
मंगलवार को इंस्पेक्शन के दौरान सीआरएस के साथ डिप्टी सीआरएस अनिल कुमार, सीएओ बीडी गर्ग, डीआरएम फिरोजपुर एनसी गोयल, चीफ इंजीनियर कंस्ट्रक्शन अचल जैन, चीफ इंजीनियर सिग्नल एंड टेलीकॉम, चीफ इंजीनियर इलेक्ट्रिकल आरके चौधरी, चीफ इंजीनियर आरसी, डिप्टी चीफ इंजीनियर विनोद कुमार भी मौजूद रहे।