Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Oct 03, 2013 - 14:59:17 PM


Title - जम्मू के लिए ट्रेन की मांग पूरी, पर अधूरी
Posted by : puneetmafia on Oct 03, 2013 - 14:59:17 PM

मोगा वासियों की पिछले लंबे समय से लटकती मोगा से सीधी जम्मू के लिए ट्रेन की मांग तो रेलवे विभाग ने पूरी कर दी है, लेकिन वह भी अभी अधूरी है। गौरतलब है कि रेलवे की ओर से बुधवार से नवरात्र के उपलक्ष्य में गंगानगर से जम्मू तवी तक के लिए विशेष ट्रेन वाया मोगा चलाई जा रही है। यह नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। मोगा वासियों ने ट्रेन को निरंतर जारी रखने की मांग की है।
सप्ताह में एक बार जाया करेगी बुधवार को जम्मू के लिए ट्रेन : दिलबाग सिंह
स्टेशन मास्टर दिलबाग सिंह का कहना है कि यह ट्रेन वाया फिरोजपुर व मोगा तथा लुधियाना होते हुए जम्मूतवी में पहुंचेगी। ट्रेन मोगा में बुधवार को सांय आठ बजे आकर सवा आठ बजे रवाना हो गई । इसका ठहराव जगराओं व लुधियाना इत्यादि स्टेशन है। यह ट्रेन नवंबर महीने तक ही चलेगी।
ट्रेन को किया जाए निरंतर जारी
समाज सेवी लाल चंद का कहना है कि इस ट्रेन को निरंतर जारी रखा जाए और रोजाना हो। इससे माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को फिरोजपुर इत्यादि स्टेशनों पर जाने के लिए बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सिर्फ मेले पर ही क्यों ट्रेन
गांधीवादी नेता सुरेश सिंगल का कहना है कि अगर इस मार्ग पर मेला के लिए विशेष ट्रेन चलने में कोई बाधा नहीं है, तो इसको रोजाना चलाने का प्रावधान किया जाए। उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिख कर बताया है कि अहमदाबाद से उधमपुर एक्सप्रेस वाया फिरोजपुर व मक्खू होते हुए जम्मू में सायं 3.30 बजे पहुंचती है। इसी प्रकार अहमदाबाद से जम्मू एक्सप्रेस उसी रूट पर सायं 7.35 बजे जम्मू पहुंचती है। बठिंडा-जम्मू तवी एक्सप्रेस वाया मक्खू होते हुए 4.15 बजे जम्मू पहुंचती है। इन ट्रेनों को अगर वाया मोगा कर दिया जाए तो इससे जहां रेलवे को अधिक आय होगी वही इससे तलवंडी भाई, मोगा जगराओं तथा लुधियाना आदि के यात्रियों को जम्मू कश्मीर आने जाने में सुविधा मिल सकेगी।