Indian Railways News => Topic started by sushil on Aug 20, 2013 - 16:00:12 PM


Title - जनकपुरी मेट्रो स्टेशन पर युवती ने लगाई छलांग
Posted by : sushil on Aug 20, 2013 - 16:00:12 PM

नोएडा-द्वारका मेट्रो लाइन स्थित जनकपुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन पर सोमवार देर शाम साढ़े सात बजे एक युवती ने चलती ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। युवती को छलांग लगाते देख मेट्रो चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक वह ट्रेन की चपेट में आ गई थी। गंभीर रूप से जख्मी हालत में युवती को जनकपुरी स्थित माता चानन देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आइसीयू में भर्ती युवती की पहचान हिसार के अहमदपुर गांव निवासी संध्या (25) के रूप में हुई है। सीआइएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) से मिली जानकारी के अनुसार युवती की पहचान उसके पास से मिले मोबाइल से हुई है। मोबाइल पर युवती के परिजनों से हुई बातचीत में पता चला कि उसकी शादीशुदा जिंदगी ठीक से नहीं चल रही थी। वह दिल्ली में अपने मौसा के पास रह रही थी। मेट्रो स्टेशन कैसे और कहां जाने के लिए पहुंची, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी। पुलिस ने परिजनों को इत्तला दे दी है।
इस हादसे के चलते नोएडा से द्वारका आने-जाने वाली मेट्रो लाइन पर रात सवा आठ बजे तक मेट्रो सेवा प्रभावित रही। जनकपुरी व उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन के बीच दो मेट्रो ट्रेन ट्रैक पर ही रोक दी गईं। करीब 15 मिनट के बाद लाइन पर रुकी मेट्रो फिर आगे प्लेटफार्म पर जाकर रुकी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अनुसार युवती जनकपुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर खड़ी थी और सामने से आ रही ट्रेन के आगे कूद गई। इस घटना के चलते लाइन पर मेट्रो सेवा प्रभावित रही। रात सवा आठ बजे के बाद द्वारका-नोएडा मेट्रो लाइन पर सेवा सामान्य हुई।
लोग राहत की कर रहे थे उम्मीद
नोएडा से द्वारका जाने वाली मेट्रो लाइन पर सोमवार को डीएमआरसी ने आठ कोच वाली पहली मेट्रो ट्रेन को उतारा था। आठ कोच वाली मेट्रो के उतरने से यात्री राहत भरे सफर की आस लगाए थे कि शाम को उक्त हादसे के चलते फिर परेशानी उठानी पड़ी।