Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jun 22, 2012 - 09:00:13 AM


Title - जन साधारण टिकट बुकिंग की सुविधा जल्द : डीआरएम
Posted by : railgenie on Jun 22, 2012 - 09:00:13 AM

गुरुवार को पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक के आगमन से पहले मुगलसराय रेल मंडल प्रबंधक अनूप कुमार ने गया जंक्शन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि गया सहित सात स्टेशनों पर बहुत जल्द ही जन साधारण टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे जंक्शन के टिकट काउंटर पर भीड़ व लंबी कतार में लग कर टिकट लेने की समस्या से यात्रियों को छुटकारा मिल जाएगी। इसके लिए 25 जून को निविदा आमंत्रित की गई है। उन्होने कहा कि वर्तमान में जितने टिकट काउंटर हैं उसमें एक-दो और काउंटर की व्यवस्था होगी। गया जंक्शन सहित गया शहर के अलावा बोधगया तथा शेरघाटी में रिजर्वेशन काउंटर की संख्या पर्याप्त है। बहुत जल्द पूछताछ कार्यालय में प्लेटफार्म टिकट के लिए अलग से एक काउंटर चालू कर दिया जाएगा।
डीआरएम श्री कुमार ने कहा कि गया में बिजली की समस्या गंभीर है। इस समस्या से निबटने के लिए रेलवे अपना एक 33 केवीए का फीडर बहुत जल्द ही गया में स्थापित करेगा। इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। टेंडर होना है। इसके लिए राशि भी उपलब्ध है। इसके स्थापित हो जाने से गया जंक्शन पर बिजली पर आधारित सारी यात्री सुविधाएं मुकम्मल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2013 के पहले यहां दूसरी पिट लाइन बनकर तैयार हो जाएगी। गया जंक्शन पर तीसरे फूट ओवर ब्रिज निर्माण कार्य को पूरा करने में एक साल का और समय लगेगा। फाउंडेशन का कार्य पूरा हो चुका है। जंक्शन के विभिन्न प्लेटफार्म पर कुल नौ शीतल पेयजल मशीन लगे हैं। लेकिन बिजली की कमी के कारण यात्रियों को शीतल पानी की कमी महसूस होती है। प्लेटफार्म नंबर 8 एवं 9 का विस्तार कार्य प्रगति पर है इसे समय से पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गया जंक्शन को माडल स्टेशन बनाने की दिशा में हम निर्धारित लक्ष्य से अधिक कार्य कर चुके हैं।