Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jul 26, 2012 - 21:20:15 PM


Title - जगह-जगह फंसे यात्री, अन्न-जल को तरसे
Posted by : irmafia on Jul 26, 2012 - 21:20:15 PM

न्यू-कूचबिहार स्टेशन पर फंसे 4 हजार यात्री कूचबिहार/ फालाकाटा/अलीपुरद्वार
************
असम के कोकराझाड़ में भड़के दंगे के कारण कूचबिहार जिला और जलपाईगुड़ी जिले का अलीपुरद्वार महकमे का सीमावर्ती क्षेत्र भी प्रभावित रहे। न्यू-कूचबिहार स्टेशन पर 4 हजार से अधिक यात्री फंसे हुए हैं जबकि अलीपुरद्वार जंक्शन में असम से आने जाने वाली ट्रेनों का परिचालन सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया है। पर्याप्त भोजन व पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से यात्री दिनभर परेशान रहे। जिला पुलिस ने असम सीमा से सटे तूफानगंज व बक्सिरहाट में गश्त बढ़ा दी है। कूचबिहार के एसपी प्रणव कुमार दास ने बताया कि सोमवार रात से ही असम-बंगाल सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। असम जाने वाली दो अप राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को न्यू-कूचबिहार से खुलकर क्रमश: दोपहर 12 बजकर 2 मिनट एवं रात 1 बजकर 10 मिनट पर खुली। लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर दोनों ट्रेनों को फिर न्यू-कूचबिहार स्टेशन पर वापस लाया गया। न्यू-कूचबिहार स्टेशन के डिप्टी अधीक्षक भाग्यवान मोदी ने बताया कि 2513 अप सिकंदराबाद एक्सप्रेस वहां मंगलवार की सुबह नौ बजकर 35 मिनट से रूकी हुई है। तीन ट्रेनों के चार हजार से अधिक यात्री अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचने के लिए चिंतित हैं। रेल प्रबंधन ने न्यू-कूचबिहार स्टेशन पर रूके यात्रियों को सड़क के रास्ते गंतव्य तक पहुंचाने का निर्णय लिया था लेकिन असम की सभी रूटों पर बसें बंद होने से यह प्रयास नाकाम हो गया। कूचबिहार इंटर स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट बस ओनर्स एसोसिएशन के सचिव नांटू दे सरकार ने बताया कि कोकराझाड़ में बसें यातायात रविवार से ही बंद पड़ी हैं। धूबड़ी, बिलासीपाड़ा, बरपेटा, लखीमपुर, गुयाहाटी आदि रूटों की बस यातायात सोमवार से बंद है। इसलिए असम के अनेक यात्री कूचबिहार में ही फंसे हुए हैं। इधर, घोक्साडांगा स्टेशन पर 12345 अप सरायघाट मेल ट्रेन रुक गई। यात्रियों ने आक्रोशित होकर स्टेशन पर विरोध-प्रदर्शन किया। स्थिति को संभालने के लिए घोक्साडांगा नागरिक कमेटी, क्लब, पुलिस व प्रखंड के बीडीओ, विधायक स्टेशन पहुंचे। मंगलवार सुबह 11 बजकर आठ मिनट पर हावड़ा से गुवाहाटी जाने वाली सरायघाट एक्सप्रेस घोक्साडांगा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। कुछ देर बाद ही रेल यात्रियों ने ट्रेन में पानी व भोजन की व्यवस्था की मांग करते हुए स्टेशन मास्टर का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन शुरू किया। रेल यात्रियों ने स्टेशन पर कार्यरत स्टेशन मास्टर सहित रेल कर्मियों को बाहर निकालकर स्टेशन का दरवाजा बंद कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर घोक्साडांगा थाना के ओसी जयदेव घोष के नेतृत्व में पुलिस बल ने स्टेशन पहुंचकर स्थिति को संभाला। सूचना मिलने पर प्रखंड के बीडीओ कल्लोल राय, माथाभांगा क्षेत्र के विधायक विनय कृष्ण बर्मन ने रेलवे कंट्रोल बोर्ड के साथ बातचीत कर न्यू-कूबिहार से सियलदह जाने वाली उत्तर बंग एक्सप्रेस को इस स्टेशन पर खड़ा करवाया। लौटने के इच्छुक यात्रियों को लौटा दिया गया। उत्तर बंग एक्सप्रेस 6 बजकर 32 मिनट पर सियालदह के लिए और शाम 7 बजे सरायघाट एक्सप्रेस न्यू-कूचबिहार के लिए रवाना हुई। स्थानीय विधायक विनय कृष्ण बर्मन के तत्वावधान में यात्रियों को पेयजल का बोतल व सूखा भोजन दिया गया।