Indian Railways News => Topic started by Mafia on Aug 24, 2013 - 15:00:28 PM


Title - जंक्शन पर रेल यात्रियों का हंगामा
Posted by : Mafia on Aug 24, 2013 - 15:00:28 PM

इलाहाबाद : शुक्रवार को जंक्शन पर रेल यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। किसी तरह यात्रियों को समझाकर शांत कराया गया। तब ट्रेनें जंक्शन से आगे बढ़ीं।

दिल्ली से गुवाहाटी जा रही नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन अपराह्न करीब 3.30 बजे जंक्शन पर पहुंची तो कई कोचों में पानी न होने से नाराज यात्रियों ने नीचे उतरकर हंगामा किया। हंगामे की खबर पाकर जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए और यात्रियों को समझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन यात्री उन्हीं पर भड़क गए। यात्रियों का कहना था कि इस उमस भरी गर्मी में किसी कोच में पानी की व्यवस्था नहीं है। बहरहाल, रेलवे प्रशासन ने कोचों में पानी भरवाया तब यात्री शांत हुए।

इसी प्रकार इलाहाबाद से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस करीब सवा पांच बजे यार्ड से जंक्शन पर पहुंची तो उसमें एसी टू टियर कोच न लगा होने से यात्री भड़क गए और हंगामा करने लगे। मामले की जानकारी होने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। यात्रियों को बताया कि इस कोच के न लगने से एसी थ्री टियर का अतिरिक्त कोच लगाया गया है। इसके बाद यात्री शांत हुए।

--------------

रिजर्वेशन के लिए परेशान रहे यात्री

इलाहाबाद : रामबाग रेलवे स्टेशन पर सर्वर डाउन होने से शुक्रवार को लोगों को रिजर्वेशन के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सर्वर डाउन होने से रिजर्वेशन बहुत धीरे-धीरे हो रहा था, इससे लोगों को काफी देर तक लाइन में खड़ा होना पड़ा। सर्वर की गड़बड़ी के कारण बीच-बीच में लोग हो-हल्ला भी करते रहे। यह क्रम पूरे दिन जारी रहा।