Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Sep 06, 2013 - 17:56:49 PM


Title - जंक्शन पर दो हिस्सों में बंटी एक्सप्रेस
Posted by : eabhi200k on Sep 06, 2013 - 17:56:49 PM

बरेली : जंक्शन पर गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। मेन लाइन से नॉन स्टॉप गुजर रही 12358 सुपरफास्ट एक्सप्रेस की कपलिंग अचानक टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। तेज धमाके के साथ ट्रेन के अलग होने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। लोको पायलट ने इंजन से जुड़े ट्रेन के हिस्से को संभाला और ब्रेक लगाए। घटना के तुरंत बाद इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और कपलिंग बदला। इससे करीब 20 मिनट तक जंक्शन पर अफरातफरी मची रही। प्रारंभिक जांच में चेन पुलिंग के चलते हादसे की बात सामने आई है।
अमृतसगर से कोलकाता जा रही ट्रेन का बरेली में स्टापेज नहीं है। करीब सवा चार बजे धड़धड़ाती हुई ट्रेन मेन लाइन दो से गुजर रही थी। इसी बीच पॉवर केबिन के पास एसी थ्री टायर बी-टू और बी-वन कोच को जोड़ने वाली कपलिंग तेज धमाके से टूट गई। देखते ही देखते दो हिस्सों में बंट गई। ट्रेन का बी-टू कोच 01138 बी-वन कोच 06108 से अलग होकर पश्चिमी पुल के पास पहुंच गया। 18 कोच की ट्रेन दो हिस्सों में बंटने से पलटने से बची।
हादसे पर तुरंत ही ट्रेन गार्ड एके मित्तल ने स्टेशन मास्टर एके सिंह को सूचना दी। जिस पर वे कैरिज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंच गए। इंजीनियरों की टीम ने नई कपलिंग बदली। इसके बाद इलेक्ट्रिक इंजन से दुरंतो एक्सप्रेस को 04:33 बजे रवाना किया गया। हादसे के चलते काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को सीबीगंज स्टेशन पर रोकना पड़ा।
चेन पुलिंग से हुआ हादसा
मुरादाबाद रेल मंडल के अफसरों के निर्देशानुसार स्टेशन अधीक्षक और सीडीओ ने संयुक्त रिपोर्ट बनाकर भेजी। प्रारंभिक जांच में चेन पुलिंग के कारण ट्रेन दो हिस्सों में बंटने की बात सामने आई है। तेज रफ्तार की ट्रेन में चेन पुलिंग के कारण अचानक ब्रेक लग गए। इससे कपलिंग टूट गई और पीछे के सात कोच अलग हो गए।