Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Sep 04, 2013 - 12:00:03 PM


Title - जंक्शन पर अधिकारी रहेंगे आनलाइन
Posted by : riteshexpert on Sep 04, 2013 - 12:00:03 PM

मुगलसराय(चंदौली): स्थानीय जंक्शन पर क्या कुछ चल रहा है अभी तक इसकी जानकारी केवल जीआरपी कोतवाली तक सीमित होती थी लेकिन अब इस पर ऊपर के अधिकारी भी आनलाइन नजर रखेंगे। इसके लिए जंक्शन पर कुल आठ आनलाइन सीसी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सबसे अहम यह है कि एक कैमरा जीआरपी कोतवाली में लगाया जाएगा जिसके माध्यम से अधिकारी रोजाना के जीडी का अवलोकन भी करेंगे।
पहले से लगे हैं कैमरे
दरअसल पहले से भी सुरक्षा की दृष्टि से जंक्शन पर कैमरे लगे हैं लेकिन ये आनलाइन नहीं है। इन कैमरों के माध्यम से स्थानीय जीआरपी प्रशासन जंक्शन पर नजर रखती है। वर्तमान में वहां लग रहे 8 आनलाइन सीसी कैमरे हमेशा इंटरनेट से जुड़े होंगे। जंक्शन पर क्या चल रहा है इसकी जानकारी इलाहाबाद व लखनऊ में बैठे उच्चाधिकारी सीधे देख सकेंगे। इतना ही नहीं मौके की नजाकत को समझते हुए समय-समय पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निर्देशित भी करेंगे। अब तक इस काम के लिए या तो उन्हें अपने मातहतों से अथवा संबंधित सूचना एजेंसी से जानकारी मिल पाती थी। कई बार ऐसा भी होता था कि अधिकारियों के सामने सच्चाई से हट कर भी जानकारी पहुंचती थी। अब आनलाइन कैमरों के लग जाने के बाद एक तो जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी दूसरे किसी आपातकालीन स्थिति में अधिकारी वहीं बैठे-बैठे पूरी व्यवस्था को मानीटरिंग कर सकेंगे।
कैमरा लगाने का कार्य शुरू
इस संबंध में कोतवाल रतन सिंह ने बताया कि जंक्शन के विभिन्न प्लेटफार्मोँ, आने जाने वाले रास्तों, मुसाफिर खाने सहित अन्य जगहों पर प्रोजेक्ट दृष्टि के अन्तर्गत 8 सीसी कैमरे लगाने का कार्य मंगलवार से शुरू हुआ।
एक कैमरे की जद में 50 फीट एरिया
वहीं ई मित्र एटी इन्फोटेक प्राईवेट लिमिटेड संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर राबीन राणा ने बताया कि खुद एडीजीपी रेलवे ने इसका डिमास्ट्रेशन कराया था। उसके बाद प्रदेश के सभी बड़े जंक्शनों पर इसे लगाने का निर्णय लिया था। उसी के तहत ये कैमरे लगाए जा रहे है। बताया कि ये विशेष तरह के कैमरे है जो 150 फीट एरिया को अपने जद में हमेशा रखेंगे। हालांकि इससे दूर का दृश्य भी कवर होगा।