Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Jul 21, 2013 - 12:00:17 PM


Title - चलती ट्रेन में दुराचार की कोशिश, जीआरपी पर उठे सवाल 10579655
Posted by : AllIsWell on Jul 21, 2013 - 12:00:17 PM

लखनऊ : अमरोहा के नजीबाबाद से गजरौला आ रही पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्री से दुराचार की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ में आए आरोपी को जीआरपी ने मामूली जाँच पड़ताल और पूछताछ के बाद आजाद कर दिया।
घटनाक्रम गजरौला स्टेशन के पास का है। नजीबाबाद से गजरौला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन शुक्रवार रात करीब नौ बजे गजरौला के करीब पहुंचने वाली थी। इस बीच इस गाड़ी की एक सामान्य बोगी में शोरगुल हुआ तो बोगी के अन्य यात्री उधर पहुंचे। बोगी में मौजूद महिला यात्री ने चिल्लाते हुए पास खड़े युवक पर दुराचार की कोशिश का आरोप लगाया। चाँदपुर (बिजनौर) से गजरौला के सफर पर निकली महिला का कहना था कि बोगी में रात के समय यात्री कम होने का लाभ उठाकर पास बैठे आरोपी ने दुराचार की कोशिश की। यात्रियों ने आरोपी को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच ट्रेन के गजरौला स्टेशन पहुंच जाने पर जीआरपी के दो सिपाही भी बोगी में आ गए। सिपाहियों ने आरोपी को कब्जे में लेकर पूछताछ की तो उसने खुद को बिजनौर केकीरतपुर थाना क्षेत्र का लोकेश बताया। इसके बाद जीआरपी आरोपी को अपने साथ ले गई। मेडिकल कराने पर आरोपी नशे में पाया गया। बाद में जीआरपी ने उसे छोड़ दिया। चलती ट्रेन में दुराचार की कोशिश के गंभीर मामले के आरोपी को बिना कार्रवाई रिहाई के सवाल पर जीआरपी के जवानों ने महिला की ओर से तहरीर न आने का तर्क दिया है।
यही नहीं जीआरपी जवानों ने इस गंभीर मामले की सूचना आला अफसरोंको भी नहीं दी। शनिवार सुबह इस बाबत पूछे जाने पर एसपी रेलवे आरके भारद्वाज ने पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई। साथ ही इस बाबत डिटेल जानकारी के लिए मुरादाबाद जीआरपी थाना प्रभारी और गजरौला के चौकी इंचार्ज को अपने कार्यालय तलब किया है। उन्होंने कहा कि शाम तक दोनों से स्पष्टीकरण लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।