Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 30, 2013 - 18:00:47 PM


Title - गलत पता भरा तो कैंसिल हो जाएगा रेल रिजर्वेशन
Posted by : railgenie on Aug 30, 2013 - 18:00:47 PM

गलत पता भरा तो कैंसिल हो जाएगा रेल रिजर्वेशन
भोपाल. रेल रिजर्वेशन करवाते वक्त यदि अब आप फॉर्म में गलत पता भरते हैं तो टिकट कैंसिल हो जाएगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने कमर्शियल विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी जोन को भेजे गए निर्देश में कहा गया है कि यदि यात्री इस कैंसिल टिकट पर यात्रा करते मिलता है तो उससे जुर्माना भी वसूला जाए।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पीयूष माथुर का कहना है कि इस व्यवस्था के लिए कुछ कर्मचारियों की अलग से रिजर्वेशन ऑफिस में ड्यूटी लगाई जाएगी। वे रिजर्वेशन फॉर्म पर लिखे गए फोन या मोबाइल फोन नंबरों पर अचानक बात कर पता वेरिफाई करेंगे। यदि संबंधित यात्री या उनके परिजन आदि फोन रिसीव न करें या फिर रिजर्वेशन संबंधी जानकारी नहीं दे पाते हैं तो टिकट कैंसिल कर दिया जाएगा। रेलवे ने यह व्यवस्था फॉर्म पर गलत पता व फोन नंबर भरने के कारण दुर्घटना जैसी स्थिति में परेशानी से बचने के लिए की है।

कई यात्री रिजर्वेशन करवाते वक्त गलत पता व फोन नंबर फॉर्म में भर देते हैं। इससे दुर्घटना या विपरीत परिस्थितियों में यात्रियों का पता लगाने में रेलवे को मुश्किल का सामना करना पड़ता है।

दोगुना देना होगा किराया

रेलवे के मुताबिक यदि पता गलत मिला तो यात्री का रिजर्व टिकट कैंसिल माना जाएगा। इसके बाद  भी यदि वह कंफर्म रिजर्वेशन टिकट पर यात्रा करता है तो उससे गंतव्य स्टेशन तक का किराया मय जुर्माने के वसूला जाएगा।