Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jul 24, 2013 - 21:00:28 PM


Title - गंदे चादर-तकिया देख भड़के यात्री
Posted by : railgenie on Jul 24, 2013 - 21:00:28 PM

पलपल इंडिया संवाददाता, जबलपुर. यूं तो भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के नाम पर कई मदों में पैसा लेता है लेकिन सुविधाएं देने में उसकी कोई रुचि नहीं है. कमोवेश पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय के स्टेशन जबलपुर से छूटने वाली ट्रेनों में यात्री सुविधाएं नदारत रहती हैं. बुधवार को वेरावल एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर 4 से छूटने को तैयार थी इसी बीच एसी कोच के यात्रियों ने गंदी बदबूदार चादर और तकिए मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया. दूसरी ओर स्लीपर कोच के यात्रियों ने भी बोगी और टॉयलेट की सफाई न होने पर अधिकारियों को खरीखोटी सुनाई.

दरअसल जबलपुर से छूटने वाली अधिकांश ट्रेनों की साफ-सफाई के साथ ही एसी कोच में चादर-तकिए आदि की सप्लाई का काम निजी हाथों में दे रखा है, कागजों में तो ठेकेदारों को कड़ी शर्तों के साथ काम करने का अनुबंध है लेकिन हकीकत में उनके द्वारा दी जा रही सर्विस की जांच करने अधिकारी जरा भी रुचि नहीं दिखा रहे हैं. ठेकेदार और अधिकारियों के बीच चलने वाले कमीशनबाजी के खेल ने व्यवस्थाओं को बेपटरी कर दिया है जिसका परिणाम है कि यात्रियों को गंदगी में सफर करना पड़ रहा है. समय-समय पर अभियान चलाकर बेटिकट यात्रियों, अवैद्य वेंडर्स और घूसखोर टीटीई को पकड़ने का दावा करने वाले बड़े अधिकारी और विजलेंस विभाग इन ठेकेदारों द्वारा बरती जा रही घोर लापरवाही को उजागर करने का साहस नहीं कर पा रहे हैं.

रेल बोर्ड से होगी शिकायत- बुधवार को वेरावल एक्सप्रेस में गंदे लेनिन और बोगी की गंदगी से भड़के यात्रियों ने कहा कि जबलपुर के अधिकारियों को इसकी शिकायत करने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला इसलिए अब अनियमितताओं की शिकायत रेल बोर्ड से की जाएगी.