Indian Railways News => Topic started by Mafia on Aug 13, 2013 - 19:57:20 PM


Title - कल शाम से मेट्रो स्टेशनों पर खड़े नहीं होंगे वाहन
Posted by : Mafia on Aug 13, 2013 - 19:57:20 PM

नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 14 अगस्त की शाम से राजधानी के सभी मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग खाली करा ली जाएंगी। आम दिनों की तरह लोग यहां गाड़ियां खड़ी नहीं कर पाएंगे। लालकिले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की समाप्ति के बाद ही उन्हें मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने की अनुमति होगी। वहीं लालकिले के आसपास तथा रिंग रोड (कश्मीरी गेट आइएसबीटी से आइपी फ्लाईओवर, आइटीओ ) पर व्यवसायिक वाहनों (भारी व हल्के) का प्रवेश 14 अगस्त की रात 11 बजे से ही बंद करदिया जाएगा। हालांकि, सामान्य वाहनों के लिए प्रतिबंध सुबह पांच से नौ बजे तक रहेगा। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला (यातायात) के अनुसार, यह व्यवस्था मंगलवार को आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल परेड के दौरान भी लागू रहेगी।
यातायात पुलिस ने फुल ड्रेस रिहर्सल तथा लालकिले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को ध्यान में रखकर वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्गो का चयन किया है। लालकिले के आसपास के इलाके को प्रतिबंध क्षेत्र की श्रेणी में रखा गया है। यहां पुलिस द्वारा जारी विशेष पास लगी गाड़ियों को ही प्रवेश की इजाजत होगी। सरोजनी नगर तथा बाबा खड़क सिंह मार्ग पर केवल मल्टीलेवल पार्किंग में ही गाड़ी खड़ी करने की सुविधा होगी। प्रमुख बाजार व इमारतों के बाहर भी अवैध पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। यातायात पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त के अनुसार, अवैध पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को क्रेन की मदद से उठा लिया जाएगा।