Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Oct 03, 2013 - 14:59:29 PM


Title - कर्वी रेलवे स्टेशन में बनेगा तीसरा प्लेटफार्म
Posted by : AllIsWell on Oct 03, 2013 - 14:59:29 PM

चित्रकूट, कार्यालय संवाददाता : रेलवे स्टेशन में गंदगी देखकर डीआरएम ने नाराजगी जताई और अगली बार निरीक्षण में सुधार न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कर्वी रेलवे स्टेशन का विस्तार कर तीसरा प्लेटफार्म बनाए जाने की बात कही।
डीआरएम नवीन चोपड़ा ने बुधवार को रेलवे स्टेशन कर्वी व मानिकपुर का निरीक्षण कर कहा कि कर्वी स्टेशन का विस्तार करने की कार्ययोजना तैयार हो गई है। इसके लिये टेंडर डाले जा चुके हैं। जल्द ही तीसरा प्लेटफार्म बनाने का काम शुरू किया जायेगा। इससे पूर्व उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। जहां गंदगी देखकर उन्होंने स्टेशन मास्टर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि दोबारा निरीक्षण में सुधार न मिला तो कड़ी कार्रवाई होगी। यात्रियों ने उन्हें पेयजल समस्या व टीनशेड से पानी टपकने की समस्या बताई। जिस पर उन्होंने मंडल अभियंता अशीष श्रीवास्तव को इसे दुरुस्त कराने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि पेयजल टंकियों की नियमित सफाई कराएं। कहा कि खजुराहो की तरह कर्वी रेलवे स्टेशन को तैयार किया जायेगा। इस दौरान चीफ इंजीनियर एसके भगत, वरिष्ठ विद्युत इंजीनियर एचसी तिवारी व स्टेशन प्रबंधक आरएम पांडेय सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
यात्रियों ने की शिकायत
निरीक्षण के दौरान ग्वालियर निवासी केके शर्मा व बीबी सिंह ने डीआरएम से कहा कि स्टेशन में एसी यात्रियों के लिये प्रतीक्षालय नहीं है। जिसके कारण उन्हें बाहर बैठने के लिये मजबूर होना पड़ता है। कुछ यात्रियों ने चोरी होने की घटनाओं की जानकारी दी। जिस पर उन्होंने जीअरपी व आरपीएफ स्टाफ बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली मेले में देश विदेश से लोग दीपदान करने के लिये चित्रकूट आते हैं। श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसके लिये रेलवे पूरी तैयारी कर रहा है। यात्रियों की अनुमानित संख्या के अनुसार ट्रेनों में व्यवस्था की जायेगी।