Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 27, 2013 - 17:58:18 PM


Title - कमजोर है रेल पटरी, कासन पर चल रहीं ट्रेनें
Posted by : eabhi200k on Aug 27, 2013 - 17:58:18 PM

दुर्गम घाटी व घने जंगलों से होकर गुजरा चुनार-चोपन रेल प्रखंड कई स्थानों पर जर्जर हो गया है। यूँ समझिए भगवान भरोसे कासन पर ट्रेनों को चलाया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद जोन के जीएम आलोक जौहरी के रविवार को ट्रैक के निरीक्षण में जगह-जगह गड़बड़ी उजागर हुई है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक लूसा-सक्तेशगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक की हालत जर्जर है। कासन पर ट्रेनों को चलाया जा रहा है। अभियंताओं की टीम को सर्वे कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। दावा किया जा रहा है कि ट्रैक को अपग्रेड करने का काम जल्द शुरू होगा। इसके लिए कवायद जारी है। जर्जर पुलों के निर्माण की भी योजना है। वर्तमान में इस रूट पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार सीमा 60-65 किमी प्रति घंटा है। ट्रैक के सुदृढ़ीकरण के बाद स्पीड एक सौ किमी प्रतिघंटा हो जाएगी। पटरियों को भी बदला जाएगा। जगह-जगह गिट्टी डालने का काम शुरू होगा।
मीरजापुर रेलवे स्टेशन के यार्ड में ट्रैक के समीप स्लीपर रख दिया गया है। इसकी वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। शंटिंग के दौरान रेलकर्मी भी गिरकर घायल होते रहते हैं। ट्रैक के समीप से स्लीपर हटाया नहीं जा रहा है।
मीरजापुर स्टेशन पर सोमवार को अप व डाउन लाइन का सिग्नल फेल हो जाने से ट्रेनों का परिचालन घंटों ठप रहा। ट्रेनें जगह-जगह खड़ी रहीं। घंटे भर के अथक प्रयास के बाद ट्रेनों को कासन पर चलाया गया।