Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 20, 2013 - 17:57:39 PM


Title - कमजोर पटरी पर हांफ रही ट्रेन
Posted by : puneetmafia on Aug 20, 2013 - 17:57:39 PM

जम्मू : संभाग के कई हिस्सों में जारी बारिश ने जम्मू-ऊधमपुर रेल सेक्शन पर रेल पटरी को खासा नुकसान पहुंचाया है। आलम यह है कि अब इस ट्रैक पर ट्रेन दौड़ते ही हांफने लगती है। ट्रेन को अब केवल बीस से तीस किलोमीटर की गति पर ही दौड़ाया जा रहा है। वहीं, बारिश से ट्रैक को हुए नुकसान के चलते ऊधमपुर-कटड़ा रेलवे सेक्शन के जल्द शुरू के आसार नजर नहीं आ रहे। हालांकि, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने सितंबर में कटड़ा तक ट्रेन पहुंचाने का दावा किया है।
जम्मू-ऊधमपुर रेलवे सेक्शन के बीच रोजाना चार से पांच एक्सप्रेस ट्रेनें और तीन डीजल मल्टीपल यूनिट (डीएमयू) चलती हैं। यदि कटड़ा तक ट्रेन पहुंच जाती है तो इस सेक्शन पर दौड़ने वाली ट्रेनों की संख्या दो गुनी हो जाएगी। यदि ट्रैक की हालत में सुधार नहीं हुआ तो हल्की सी बारिश होने पर जम्मू-कटड़ा सेक्शन के प्रभावित रहने का खतरा रहेगा।
रेलवे के एक वरिष्ठ इंजीनियर ने बताया कि जम्मू-ऊधमपुर रेलवे सेक्शन पहाड़ी पर स्थित है। इसलिए यहां पर ट्रेन की गति को पहले ही कम रखा जाता है। ट्रैक के आसपास कई स्थानों पर पहाड़ियां बनी हुई हैं, जिनसे बरसाती पानी रेलवे ट्रैक पर आ जाता है और यातायात को बाधित करता है। ऐसे में कुछ दिनों से सेक्शन को बंद कर ट्रैक की मरम्मत करना जरूरी हो गया है।
कटड़ा तक रेल पहुंचाना रेलवे की महत्वाकांक्षी परियोजना : डीआरएम
फिरोजपुर डिवीजन के डिवीजनल रेलवे मैनेजर एनसी गोयल के अनुसार कटड़ा तक जल्द ट्रेन को पहुंचाया जाएगा। रेल मंत्रालय स्वयं इस निर्माण की निगरानी कर रहा है। परियोजना के निर्माण में जो भी दिक्कतें आएंगी उन्हें दूर किया जाएगा।
कब-कब हुआ सेक्शन बंद
6 अगस्त : को टनल नंबर 16 में भूस्खलन से मालवा का इंजन पटरी से उतरा। छह दिनों तक बंद रहा था सेक्शन।
14 अगस्त : जम्मू मेल चार घंटे तक फंसी।
16 अगस्त : ट्रैक की प्रोटेक्शन वाल (दीवार) ढही। संपर्क क्रांति समेत चार ट्रेनें फंसी।