Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Sep 06, 2012 - 21:00:40 PM


Title - औडि़हार रेल खंड से चलेगी दिल्ली को ट्रेन
Posted by : nikhilndls on Sep 06, 2012 - 21:00:40 PM

जौनपुर: औड़िहार रेल खण्ड के समीपस्थ क्षेत्रों केराकत और चंदवक के लोगों को यात्रा में शीघ्र ही सहूलियत मिलने वाली है। हालांकि इसमें तीन माह से ज्यादा का समय लगेगा। जफराबाद जंक्शन के उत्तरी यार्ड में यू टर्न आकार का ट्रैक बिछेगा ताकि ट्रेनें सीधे जंक्शन से सिटी स्टेशन पहुंच जाय। इस कार्य को करने के लिए विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दिया है।

विभागीय भरोसेमंद सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि औड़िहार रेल खण्ड से आने वाली ट्रेनें वाया लखनऊ सीधे दिल्ली चलाए जाने पर सहमति बनी है। इसके लिए आवश्यक है कि गोमती सेतु के दक्षिणी छोर से जफराबाद यार्ड के बाहरी हिस्से में होते हुए अर्ध चन्द्राकार यू टर्न की लाइन बिछाकर सुल्तानपुर रेल खण्ड से जोड़ा जाय। यदि ऐसा नहीं किया जाएगा तो ट्रेन को पहले जफराबाद प्लेटफार्म पर लाकर खड़ी करना होगा। वहां से इंजन फिर पीछे की ओर लाकर ट्रेन से जोड़ना होगा। इस कार्य में कम से कम एक घंटे तक ट्रेन को स्टेशन पर रुकना पड़ेगा। अनावश्यक कर्मचारियों पर भी बोझ पड़ेगा। इसीलिए वहां कर्ब बनाकर ट्रेन को घुमाकर सीधे सुल्तानपुर रेल खण्ड से जोड़ने पर सहमति बनी है। हालांकि इससे पूर्व भी यह प्रस्ताव रहा लेकिन उस पर अमल नहीं किया जा सका।

सूत्रों का कहना है कि बलिया से चलकर औड़िहार होकर ट्रेन आएगी और जंक्शन, सिटी होते हुए दिल्ली रूट पकड़ लेगी। इससे क्षेत्र के भारी संख्या में लोग लाभान्वित होंगे और उन्हें वाराणसी अथवा जौनपुर ट्रेन पकड़ने में हो रही समस्या से निजात मिलेगी।

पहले से था प्रस्ताव

जौनपुर: इस मामले में यातायात अधीक्षक वीएन मिश्र का कहना है कि नया प्रस्ताव क्या है उन्हें जानकारी नहीं है। कारण कि कोई भी पत्र नहीं आया है। हालांकि उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रस्ताव पहले से ही था।